बिल्डर ने आधे रास्ते में रोक दिया सड़क निर्माण

जबलपुर: गजरथ नगर एवं भूकंप कॉलोनी के रहवासियों का समूह पार्थ डेवलपर के मनीष सोनी के खिलाफ लामबंद हो गया है। वजह…गजरथ नगर से भूकंप कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क निर्माण को आधे रास्ते में रोक देना। जहां एक ओर मनीष सोनी ने अपनी जमीन होने का दावा करते हुए सड़क निर्माण पर रोक लगा दी है तो वहीं दूसरी तरफ गजरथ नगर, भूकंप कॉलोनी के रहवासियों ने डेवलपर के खिलाफ कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के दरबार में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। बताया जा रहा है कि करीब 15 से 20 दिनों से सड़क निर्माण कार्य रोक दिया गया है जिसका अब स्थानीय जन विरोध कर रहे हैं। उधर पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी ये कहते नजर आ रहे हैं कि वे निजी जमीन पर सड़क निर्माण पूरा नहीं कर सकते। ऐसे में स्थानीयजनों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।

राजेश नागवंशी, शांतनु झारिया, रामलखन सोनी, अनीता ठाकुर, दीपचंद ठाकुर, पूजा तिवारी आरबी तिवारी, अनिकेत पटैल, पप्पू शर्मा, राहुल शर्मा, निशा खान, फिरोज खान, अशोक सहित अन्य स्थानीय रहवसासियों द्वारा कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार को दी गई शिकायत में बताया गया है कि गजरथ नगर से भूकंप कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क निर्माण में पार्थ डेवलपर के मनीष सोनी द्वारा बाधा उत्पन्न की जा रही है जबकि टीएनपीसी नक्शे में रोड छोड़कर उनकी जमीन का नक्शा पास किया गया है और सरकारी नक्शा में भी गजरथ नगर से भूकंप कॉलोनी तक पूरी 20 फीट चौड़ी सड़क जा रही है। कॉलोनीवासियों ने निगमायुक्त, कलेक्टर से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाए और जो निर्माण में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं उनके खिलाफ जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिससे उन्ञहें आने-जाने में किसी प्रकार की कोई असुविधा का सामना न करना पड़े। जानकारी के अनुसार गजरथ नगर से ये सड़क सीधे भूकंप कॉलोनी की मुख्य सड़क की ओर निकलेगी।
पार्थ डेवलपर ने रखा अपना पक्ष…
इस संबंध में पार्थ डेवलपर के मनीष सोनी ने नवभारत को बताया कि मेरे पास जमीन के पूरे कागज हैं और जहां से गजरथ नगर वासी सड़क निर्माण कर रोड निकालने की बात कह रहे हैं उस हिस्से में मेरे दो प्लॉट आ रहे हैं जिससे मुझे बहुत नुकसान होगा। मैं फिर से सड़क व प्लॉट का मेजरमेंट करा लूंगा और कुछ गुंजाईश बनेगी तो निश्चित ही सड़क के लिए मैं जगह दे दूंगा।
इनका कहना है
–गजरथ नगर से भूकंप कॉलोनी की ओर निकलने वाली सड़क के बीच में मनीष सोनी की निजी जमीन है जहां से स्थानीय लोग सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। हम लोग शासकीय जमीन पर सड़क बनाने अधिकृत हैं लेकिन निजी जमीन पर सड़क निर्माण करना नियम विरूद्ध है। जमीन मालिक अगर कोई दान पत्र यार सहमति पत्र स्थानीय जनों को देता है तो फिर सड़क निर्माण कार्य शुरू हो सकता है।
-अनूप मिश्रा, सब डिवीजनल ऑफिसर, लोक निर्माण विभाग

Next Post

कांग्रेस पार्षद दल ने धरना देकर किया प्रदर्शन

Sat Jan 17 , 2026
जबलपुर: शहर में अधिकांश जगह दूषित पेयजल सप्लाई की बात कहते हुए कांग्रेस पार्षद दल ने शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने नगर की भाजपा सत्ता को चेतावनी देते हुए कहा कि यह तो सांकेतिक धरना प्रदर्शन है। अगर शीघ्र […]

You May Like