जबलपुर: फ्लिपकार्ट से रिफंड दिलाने के नाम पर साइबर ठग ने व्हाट्सएप कॉल से महिला का मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 94,996 उड़ा दिए। जानकारी अनुसार गोरखपुर थाना अंतर्गत हवाबाग कॉलेज कटंगा निवासी 42 वर्षीय सोनम मालवीय को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फ्लिपकार्ट रिफंड के पैसे पेटीएम में डालने का झांसा देकर आरोपी ने महिला को व्हाट्सएप कॉल किया और उनका मोबाइल हैक कर लिया। मोबाइल हैक होते ही आरोपी ने महिला के एसबीआई खाते से 94,996 पार कर दिए।
सीनियर सिटीजन कार्ड के नाम पर ठगी-
रांझी थाना क्षेत्र में एक 66 वर्षीय बुजुर्ग ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो गए। ठग ने सीनियर सिटीजन कार्ड अप्रूव कराने के बहाने उनके व्हाट्सएप पर एक फॉर्म भेजा। फॉर्म भरते समय जब पेमेंट ऑप्शन आया, तो बुजुर्ग ने आपत्ति जताई। इस पर ठग ने कहा कि यह सिर्फ वेरिफिकेशन के लिए है और कोई पैसा नहीं कटेगा। ठग के झांसे में आकर कौशल्या बाटिका अपार्टमेंट निवासी पीड़ित राजेश कुमार सिंह ने जैसे ही अपना पिन नंबर डाला, उनके पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 49,484 साफ हो गए। रकम कटने के बाद बुजुर्ग को ठगी का अहसास हुआ। रांझी पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
