
रीवा, कांग्रेस कमेटी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाए जाने एवं उनके द्वारा लिये गये निर्णय की व्यापक समीक्षा को लेकर धरना प्रदर्शन कर विरोध मार्च निकाल कर कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका और इस्तीफा मांगा. नारेबाजी करते हुए कांग्रेसी पैदल मार्च निकाल कर कलेक्ट्रेट पहुंचे.
जिला कांग्रेस संगठन प्रभारी पूर्व विधायक रामलखन सिंह पटेल के मुख्य आतिथ्य, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष इंजी. राजेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता तथा पूर्व सांसद राजमणि पटेल, महापौर अजय मिश्रा बाबा, शहर अध्यक्ष अशोक पटेल झब्बू के विशिष्ट आतिथ्य मे सिरमौर चौराहा स्थित राजीव गांधी के प्रतिमा के समक्ष धरना प्रदर्शन किया गया. मुख्य अतिथि रामलखन पटेल ने कहा कि हमारे महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश को आजाद कराने के लिए जो संघर्ष किया गया, उसी के परिणामस्वरूप आज हम सभी स्वतंत्र हैं और हमें मतदान का अमूल्य अधिकार प्राप्त हुआ है. उन्होंने कहा कि संविधान द्वारा नागरिकों को प्रदत्त मतदान के मौलिक अधिकार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार केंद्र की मोदी सरकार के इशारे पर कुचलने का प्रयास कर रहे हैं. जिला अध्यक्ष इंजी. राजेन्द्र शर्मा ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन मे धरना एवं विरोध मार्च के औचित्य पर प्रकाश डालते हुये कहा कि निर्वाचन आयोग के अन्य दो चुनाव आयुक्तों के 10 माह मे उनके निर्णयों की 14 बार समीक्षा हेतु शिकायत दर्ज कराई गई, किन्तु उनकी शिकायतों को अनदेखा करते हुये मनमाने तरीके से एस.आई.आर. को इतना जटिल बना दिया, जिसकी पूर्ति सामान्य मतदाता के लिये संभव नही थी. श्री शर्मा ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची मे नाम जोडऩे के प्रपत्र-6 मे संशोधन करने का अधिकार केन्द्र सरकार को है, निर्वाचन आयुक्त उसमे कोई संशोधन, या परिवर्तन कर ही नही सकतें, इसका जवाब उन्हे देना पड़ेगा. पूर्व राज्यस्भा सदस्य राजमणि पटेल ने कहा कि आज पूरे देश मे भारतीय जनता पार्टी के आनुसांगिक संगठन आरएसएस के आदेश पर देश का प्रशासन चल रहा है, इस अनरजिस्टर्ड संगठन जिसके पास करोड़ो करोड़ रूपये का कोष है, जिसके बल पर पैसा बांट कर भाजपा सत्ता मे आ रही है, उसकी जॉच की नितांत आश्यकता है, इस आर.एस.एस. की विचारधारा से देश की कोई भी संवैधानिक संस्था निर्भय होकर काम नही कर पा रही है. कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस जिला संगठन महासचिव एड0 रवि तिवारी ने किया. सिरमौर चौराहा से जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय तक विरोध मार्च निकाल कर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया तथा विरोध स्वरूप मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया. रैली मे ज्ञानेश कुमार का मुखौटा बना कर हथकड़ी लगा कर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे.
