सीएमओ के फर्जी साइन कर खोल लिए दो चिकन सेंटर

शाजापुर, अजब-गजब शाजापुर की एक और नई कहानी. अभी तक कई धोखाधड़ी के कारनामे देखने को मिले, लेकिन एक नया कारनामा उजागर हुआ है कि नगर पालिका का एक फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र बनाकर, सीएमओ के फर्जी साइन किए और दो चिकन सेंटर फर्जी अनुमति के साथ खोल लिए.

गौरतलब है कि जुनैद कुरैशी पिता अब्दुल हकीम कुरैशी निवासी वार्ड नंबर 10 चौबदारवाड़ी सेंटर हुमर हायर सेकंडरी स्कूल के पास शाजापुर निवासी ने वार्ड क्रमांक 3 बेरछा रोड पर जरीन चिकन सेंटर के नाम से एक दुकान खोली. इस दुकान को संचालित करने के लिए समस्त दस्तावेज बनवाने के लिए जो अनापत्ति प्रमाण पत्र नगर पालिका से चाहिए था, उसे फर्जी तैयार कर सीएमओ के फर्जी साइन कर फर्जी आवक-जावक क्रमांक डालकर 18 सितंबर 2026 को अनापत्ति प्रमाण पत्र बनाकर चिकन सेंटर की अनुमति ले ली. इसी प्रकार अल्फेज कुरैशी पिता अब्दुल कय्यूम कुरैशी निवासी वार्ड नंबर 7 कसाईवाड़ा ने वार्ड नंबर 7 कसाईवाड़ा शाजापुर में अर्शन चिकन शॉप के नाम से ऐसा ही फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र बनाकर एनओसी ले ली. और बकायदा दोनों ही फर्जी चिकन सेंटर को सूक्ष्म लघु एवं मध्यम मंत्रालय भारत सरकार से नगर पालिका की फर्जी एनओसी के माध्यम से अनुमति भी मिल गई.

शहर में ऐसे कितने फर्जी चिकन सेंटर चल रहे है, जिनकी अनुमति फर्जी है

शाजापुर नगरपालिका में सीएमओ के फर्जी हस्ताक्षर कर नगर पालिका से फर्जी एनओसी लेकर दो चिकन सेंटर का मामला उजागर हुआ है. अब नगर पालिका को चाहिए कि शहर में जितने भी चिकन सेंटर या मटन दुकान हैं, उनकी बारीकी से जांच करें. कहीं उनके लाइसेंस ऐसे ही नगरपालिका के फर्जी हस्ताक्षर से तो जारी नहीं हुए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि संबंधित विभाग जो लाइसेंस और अनुमति देता है, उसने भी नगर पालिका की इस एनओसी के मामले में पड़ताल करना भी उचित नहीं समझा और चिकन सेंटर खोलने की अनुमति उन्हें प्रदान कर दी.

आवक-जावक और सीएमओ के हस्ताक्षर फर्जी

अल्फेज कुरैशी पिता अब्दुल कय्यूम कुरैशी ने जो अनापत्ति प्रमाण पत्र नगरपालिका शाजापुर के नाम से जारी कर लाइसेंस बनवाया, उसका जावक क्रमांक 428 और दिनांक 18.09.2026, दूसरे जुनैद कुरैशी पिता अब्दुल हकीम कुरैशी को भी 424 जावक क्रमांक और दिनांक 18 सितंबर 2026 को जारी किए गए हैं. सवाल यह उठता है कि जिसने भी ये फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र बनाया, वो हो सकता है नगर पालिका का कोई कर्मचारी शामिल हो. क्योंकि हुबहू नगर पालिका के लेटर हेड, जिस पर बकायदा ई-मेल एड्रेस और कार्यालयीन भाषा का उपयोग किया गया है. अब देखना है कि इस मामले में क्या कार्यवाही होती है और कितने ऐसे फर्जी अवैध चिकन सेंटर और मटन की दुकानें चल रही हैं.

इनका कहना…

नगर पालिका के फर्जी हस्ताक्षर कर दो चिकन सेंटर के अनापत्ति प्रमाण पत्र मिले हैं. संबंधित विभाग से इस संबंध में और जानकारी मांगी जा रही है. उसके बाद इन फर्जी चिकन सेंटरों के संचालकों के खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज कराकर दुकान सील की जाएगी.

– भूपेंद्र कुमार दीक्षित, सीएमओ-शाजापुर

Next Post

इजरायल-यूएई बैठक में शामिल होने की रिपोर्टों से सऊदी अरब का इनकार

Wed Sep 30 , 2026
रियाद, 30 सितंबर (वार्ता) सऊदी अरब ने उन रिपोर्टों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि सप्ताहांत में अबू धाबी में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच हुई विस्तृत बैठक में सऊदी अरब […]

You May Like