
खिलचीपुर। नगर में कृषि उपज मंडी के पीछे स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में मंगलवार सुबह चौकीदार के कमरे की छत का बीच वाला हिस्सा टूटकर गिर गया. घटना के समय कमरे में चौकीदार रतनलाल और उनकी पत्नी मौजूद थे. छत से मलबा गिरते देखकर दोनों समय रहते उस जगह से हट गए. इसके कुछ देर बाद छत का बीच वाला हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया. हादसे में रतनलाल के कंधे में चोट आई है. चौकीदार रतनलाल दिव्यांग हैं और करीब 40 साल से श्रीकृष्ण गौशाला में काम कर रहे हैं.
उनकी पत्नी और पूरा परिवार गौशाला परिसर में बने इसी कमरे में रहता है. कमरे की छत लंबे समय से जर्जर थी. कुछ दिन पहले गौशाला समिति के सदस्यों ने छत की ऊपर से मरम्मत भी करवाई थी. रतनलाल ने बताया कि घटना के समय वे पलंग के पास बैठे थे, जबकि उनकी पत्नी खाना बना रही थी. इसी दौरान छत से मलबा गिरने लगा. खतरा देखते हुए दोनों कमरे में उस जगह से दूर हट गए. कुछ देर बाद छत का बीच वाला हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया. वे और उनकी पत्नी समय रहते वहां से नहीं हटते तो बड़ा नुकसान हो सकता था.
