नयी दिल्ली, 03 नवंबर (वार्ता) आयुष डोसेजा (78), सुमित माथुर (नाबाद 80) और प्रियांश आर्य (58) के शानदार अर्धशतकों से दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मुकाबले के दूसरे दिन मंगलवार को सर्विसेज के खिलाफ छह विकेट पर 299 रन बनाकर पहली पारी में 33 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली। दिल्ली ने सर्विसेज को कल पहली पारी में 266 रन पर समेट दिया था।
दिल्ली की पहली पारी की शुरुआत खराब रही। सनत सांगवान 11 रन बनाकर पवेलियन चले गए। प्रियांश और यश ढुल ने दूसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की। दिल्ली ने इसके बाद 21 रन के अंतराल में चार विकेट गंवाए।और उसका स्कोर पांच विकेट पर 135 रन हो गया लेकिन आयुष डोसेजा और सुमित माथुर ने छठे विकेट के लिए 145 रन की जबरदस्त साझेदारी कर दिल्ली को बढ़त दिला दी।
आयुष डोसेजा स्टंप्स के करीब जाते समय आउट हुए। आयुष डोसेजा ने 154 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके लगाए।
सुमित माथुर ने 159 गेंदों पर नाबाद 80 रन में आठ चौके और दो छक्के लगाए। स्टंप्स के समय देव लकरा उनके साथ 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
