आरोन क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर कार्रवाई: जखोदा गांव में ग्रामीणों ने रोका ट्रैक्टर, टायर खोलकर ले गए

गुना:जिले की आरोन तहसील में खनिज विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई की। टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां अवैध रूप से उत्खनन कर रहे लोग प्रशासनिक कार्रवाई की भनक लगते ही ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। प्रशासन ने तत्काल स्थिति का जायजा लिया और अवैध उत्खनन से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किए। संबंधित ट्रैक्टर को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, गत शाम करीब 4.30 बजे प्रभारी खनिज निरीक्षक विजय कुमार चक्रवर्ती, नायब तहसीलदार अमित कुमार जैन, खनिज अधिकारी सजिन वर्मा और सुरक्षाकर्मियों के साथ जखोदा गांव की सिंद नदी पहुंचे। यहां टीम को मौके पर एक लाल रंग का आईशर ट्रैक्टर-ट्रॉली और हाइड्रा (ट्रैक्टर लोडर) अवैध रेत भरते हुए मिले। प्रशासन ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाने ले जाने की कार्रवाई शुरू की।

जैसे ही ट्रैक्टर और हाइड्रा को रवाना किया गया, उसी दौरान जखोदा गांव के जाकिर खान और शाबिर खान उर्फ कल्ला के साथ करीब 10–12 लोग मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने सैनिकों को धक्का देकर शासकीय कार्य में बाधा डाली और बलपूर्वक ट्रैक्टर-ट्रॉली व हाइड्रा को छुड़ाकर भगा ले गए। ग्रामीणों ने इतना ही नहीं, बल्कि जब्त ट्रॉली के टायर तक खोल लिए जिससे प्रशासनिक टीम वाहन मौके से नहीं ले जा सकी।

इस घटनाक्रम से प्रशासनिक दल सकते में आ गया और तत्काल आरोन थाने को पूरी जानकारी दी गई। प्रभारी खनिज निरीक्षक विजय कुमार चक्रवर्ती ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपते हुए बताया कि ग्रामवासियों ने न केवल अवैध उत्खनन में पकड़े गए वाहनों को छुड़ाया बल्कि शासकीय कार्य में गंभीर बाधा भी उत्पन्न की। पुलिस ने आवेदन के आधार पर ज्ञात और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। इस मामले में BNS की धारा 132(3) के तहत प्राथमिकी कायम की गई है।

Next Post

हनुमानताल-अधारताल में चाकूबाजी, दो घायल

Thu Sep 11 , 2025
जबलपुर‌: हनुमानताल- अधारताल थाना क्षेत्र में चाकूबाजी हो गई जिसमें दो लोग घायल हुए।‌ अधारताल पुलिस ने बताया कि साहिल सोनी 18 वर्ष निवासी पटेल नगर महाराजपुर ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि रात 10 बजे अपने दोस्त गुल्लू के साथ एक्टीवा से महाराजपुर गया था।‌ कमानिया गेट के पास गुल्लू […]

You May Like