
सीधी। नगर पालिका में शामिल होने का 23 गांव को कैबिनेट बैठक का इंतजार है। वर्षों से मंत्रालय भोपाल में नपा सीमा वृद्धि प्रस्ताव के स्वीकृत की फाइल अटकी है। सीधी विधायक के प्रयास से आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव शामिल होगा।
बताते चलें कि शहर से लगे 23 ग्रामों को नगर पालिका परिषद सीधी में जोडऩे की कार्यवाही जिला स्तर से 3 वर्ष पूर्व ही पूरी कर भोपाल भेजी जा चुकी है। विडम्बना यह है कि वल्लभ भवन भोपाल से नगर पालिका परिषद सीधी के सीमा वृद्धि को हरी झण्डी अभी तक नहीं मिल सकी है। इस संबंध में सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया था। वही तत्संबंध में म.प्र. विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष के विशेष कर्तव्यस्त अधिकारी पी.एल.विश्वकर्मा द्वारा दिनांक 19 मई 2025 को प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास भोपाल को पत्र क्रमांक 2252 भेजकर शीघ्र कार्यवाही के लिये अपेक्षा कर चुके है।
गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद सीधी में सम्मिलित होने वाले 23 गांवों में पड़ैनिया पवाई, पड़ैनिया खुर्द, पड़ैनिया कला, बटौली, हिनौता, जोरौंधा, विजयपुर, सोनाखांड, मूड़ी, खैरही, रामगढ़, रामपुर, पडऱा, मुठिगवां कला, मुठिगवां खुर्द, जमोड़ी सेंगरान, पनवार बघेलान, पनवार सेंगरान, जमोड़ी कला, मधुरी पवाई, नौढिय़ा, कोतरखुर्द शामिल हैं। नगर पालिका में उक्त 23 गांवों के जुडऩे के बाद नगर पालिका की नई सीमा बन जायेगी। उत्तरी सीमा में राजस्व ग्राम मधुरी पवाई, नौढिय़ा एवं कोतर खुर्द गांव अंतिम सीमा हो जायेगी। वहीं पूर्व में राजस्व ग्राम कोतर खुर्द, पड़ैनिया खुर्द, पड़ैनिया कला, पड़ैनिया पवाई, बटौली तथा जोरौंधा अंतिम पूर्व सीमा बनेगी। इसी तरह दक्षिण दिशा में राजस्व ग्राम सोनाखांड, मूड़ी, रामगढ़, खैरही, रामपुर, पडऱा, दक्षिणी सीमा बनेगी। वहीं पश्चिम में राजस्व ग्राम पनवार चौहानन टोला, पनवार बघेलान, जमोड़ी सेंगरान, जमोड़ी कला, जमोड़ी खुर्द अंतिम सीमा बनेगी। नगर पालिका में शामिल होने वाले 23 गांव के रहवासी काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि उनका क्षेत्र नगर पालिका में शामिल होगा।
शामिल होने वाले 23 ग्रामों के विकास पर ग्रहण
नगर पालिका परिषद सीधी की सीमा वृद्धि की कार्यवाही 3 वर्षों से भोपाल में लंबित होने के कारण शहर से लगे 23 ग्रामों का विकास कार्य अवरूद्ध हो गया है। चर्चा के दौरान संबंधित गांवों के कुछ लोगों का कहना था कि उनका गांव नगर पालिका में शामिल होने वाला है इस वजह से ग्राम पंचायत में कोई विकास संबंधी कार्य स्वीकृत नहीं हो रहे हैं। आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य न होने से उनका क्षेत्र काफी पीछे जा रहा है।
जिला स्तर से पूरी हो चुकी है कार्रवाई
नगर पालिका सीधी सीमावृद्धि कर 23 ग्राम को जोडऩे का मामला दो वर्षों से नगरीय विकास एवं आवास मप्र शासन भोपाल के यहां लटका हुआ है। कलेक्टर (शहरी विकास) जिला सीधी द्वारा नगर पालिका सीधी की सीमा वृद्धि पर स्थानीय निकाय की अधिसूचना दिनांक 21 मार्च 2023 को जारी कर 15 दिवस के भीतर लिखित आपत्ति/सुझाव आमंत्रण की कार्यवाही पूर्ण की गयी थी। तत्पश्चात नगर पालिका सीधी की सीमा वृद्धि के लिये आवश्यक फाइल भोपाल प्रेषित की गयी। जिस पर मध्यप्रदेश राजपत्र में भी कार्यवाही का प्रकाशन 7 अप्रैल 2023 को हो चुका है फिर भी नगर पालिका सीधी की सीमा वृद्धि कर 23 ग्रामों को जोडऩे की कार्यवाही नगरीय विकास एवं आवास भोपाल में 3 वर्षों से लम्बित है।
इनका कहना है-
24 सितंबर 2026 को कैबिनेट की बैठक है। बैठक में नगर पालिका सीधी के सीमा वृद्धि के प्रस्ताव को लाया जायेगा।
रीती पाठक, विधायक सीधी
