नयी दिल्ली, 06 अगस्त (वार्ता) राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश को पत्र लिखकर बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण मुद्दे पर सदन में चर्चा कराने की मांग की है।
श्री खरगे ने बुधवार को श्री हरिवंश को लिखे पत्र में कहा कि विपक्षी दलों के सभी सदस्य इस मुद्दे पर सदन में चर्चा चाहते हैं। उनका कहना था कि यह अत्यंत चिंता का विषय है कि मतदाताओं को वोट देने के अधिकार को छीनकर उन्हें उनके इस संवैधानिक से वंचित किया जा रहा है । चुनाव आयोग की इस मनमानी का खामियाजा गरीब तबके के लोगों भुगतना पड़ रहा है।
राज्यसभा के उपसभापति को लिखे पत्र में उन्होंने कहा “भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों की विशेष गहन समीक्षा सबसे पहले बिहार में की जा रही है और फिर पश्चिम बंगाल, असम और अन्य राज्यों में भी की जाएगी। विपक्षी सांसद वर्तमान सत्र के पहले दिन से ही सदन में इस पर तत्काल चर्चा की मांग कर रहे हैं। इसलिए, मैं अपनी और राज्य सभा में विपक्षी दलों की ओर से आपसे अनुरोध करता हूँ कि इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा की अनुमति दी जाए, जो करोड़ों मतदाताओं, विशेषकर समाज के कमजोर वर्गों के लोगों के लिए अत्यंत चिंता का विषय है।”
गौरतलब है कि विपक्षी दल लोकसभा तथा राज्यसभा में मानसून सत्र के आरंभ से ही इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं और उनका कहना है कि सरकार उनकी बात को तब्बजों नहीं दे रही है।
