स्कूल में हिजाब पहनने पर प्रतिबंध को सही ठहराने वाले इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला मिसाल नहीं : सुप्रीम कोर्ट

नयी दिल्ली, (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने कहा है कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के 21 अगस्त के उस फैसले को मिसाल नहीं माना जायेगा जिसमें एक स्कूल की कक्षा में हिजाब पहनने पर प्रतिबंध को यह कहते हुए सही ठहराया गया था कि यह इस्लाम में जरुरी धार्मिक रिवाज नहीं है।

न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देने वाली अपील पर उत्तर प्रदेश सरकार और अन्य को नोटिस जारी किया तथा इस मामले को कर्नाटक हिजाब-प्रतिबंध मामले से जुड़े पेंडिंग बैच के साथ टैग कर दिया।

पीठ ने अपने 20 नवंबर के आदेश में कहा, “याचिका दायर करने की इजाजत दी जाती है। नोटिस जारी करें। सिविल अपील नंबर 7095/2022 के साथ टैग करें। इस (उच्च न्यायालय) फैसले को मिसाल नहीं माना जायेगा।”

यह अपील मुस्लिम विमेंस स्टडी सर्कल की ओर से इलाहाबाद उच्च न्यायालय के उस फैसले के खिलाफ दायर की गयी है जिसमें प्रयागराज के टैगोर पब्लिक स्कूल की छात्रा सुकैना रिजवी की तय गणवेश के साथ हिजाब पहनने की इजाज़त मांगने वाली अर्जी खारिज कर दी गयी थी। उच्च न्यायालय ने माना था कि कक्षा के अंदर हिजाब पहनना संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत सुरक्षित एक जरुरी धार्मिक रिवाज है, यह साबित करने के लिए उसके सामने कोई आधिकारिक धार्मिक किताब या दूसरी चीज नहीं रखी गयी थी। न्यायालय ने यह भी देखा था कि कर्नाटक उच्च न्यायालय की पूर्ण पीठ का फैसला, जिसमें शैक्षणिक संस्थानों में हिजाब पर रोक को सही ठहराया गया था, शीर्ष न्यायालय के अंतिम आधिकारिक फैसले के बिना भी असरदार बना हुआ है।

कर्नाटक का विवाद 2022 में शीर्ष न्यायालय में पहुंचा, लेकिन दो न्यायाधीशों की पीठ ने विभाजित फैसला सुनाया, जिसके नतीजे में मामले को एक बड़ी पीठ के पास विचार के लिए भेजा गया।

 

Next Post

लोकसभा अयक्क्ष ने 30 नवम्बर को बुलायी सदन की बैठक

Fri Nov 27 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार 30 नवंबर को सदन की बैठक बुलायी है। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि अध्यक्ष ने निर्देश दिया है कि गत 13 अगस्त को सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गयी थी […]

You May Like