रुद्रपुर/सितारगंज, (वार्ता) देश की सुरक्षा से जुड़े एक अहम मामले में उत्तराखंड की ऊधमसिंहनगर पुलिस और एसओजी की कार्रवाई ने गुरुवार को बड़ा खुलासा किया है।
ऊधमसिंह नगर के सितारगंज में पकड़े गए अवैध असलहा तस्करों के तार कथित रूप से जम्मू कश्मीर के आतंकी नेटवर्क से जुड़ते नजर आ रहे हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त सुरेन्द्र सिंह उर्फ हनी निवासी बिरिया फार्म, सिसैया, सितारगंज निवासी के बैंक खातों में जम्मू-कश्मीर के संदिग्ध खातों से लेनदेन हो रहा था। तकनीकी जांच और इनपुट के आधार पर यह आशंका मजबूत हुई है कि यह नेटवर्क देश विरोधी गतिविधियों से जुड़ा हो सकता है।
ऊधमसिंह नगर पुलिस की जांच में एक अहम नाम जम्मू कश्मीर के रेहान मीर का सामने आया है, जिसे जम्मू कश्मीर के प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल बदर से जुड़ा ओवर ग्राउंड वर्कर बताया जा रहा है। आरोप है कि वह सितारगंज के आरोपी के खाते में पैसे ट्रांसफर कर रहा था, जिसके बदले अवैध हथियारों की सप्लाई की आशंका जताई जा रही है।
इस मामले में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल भी सक्रिय हो गई है और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। वहीं, ऊधमसिंहनगर पुलिस जम्मू-कश्मीर और दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यदि यह नेटवर्क सक्रिय रूप से हथियारों की सप्लाई कर रहा था, तो यह देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता था। ऐसे में इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि देश की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और अवैध असलहा तस्करी से जुड़े हर तत्व के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में सितारगंज पुलिस और एसओजी की टीम ने बुधवार रात को दो असलाह तस्करों को गिरफ्तार कर एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया था। जांच में अपराधियों के तार जम्मू कश्मीर से जुड़ते नजर आये थे। इसके बाद ऊधमसिंह नगर पुलिस ने दिल्ली और जम्मू-कश्मीर पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पूरे प्रकरण का खुलासा हुआ है।
