मुंबई, सुरेश रैना के जन्मदिन पर जानिए उनके 5 बड़े क्रिकेट रिकॉर्ड। 2011 वर्ल्ड कप में अहम योगदान से लेकर IPL में 5528 रन और मिस्टर IPL बनने तक, उनके शानदार सफर की पूरी कहानी।
भारतीय क्रिकेट में कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जो अपने खेल से फैंस के दिलों में हमेशा के लिए जगह बना लेते हैं। सुरेश रैना भी उन्हीं में से एक हैं। मैदान पर आक्रामक बल्लेबाजी, फील्डिंग और मुश्किल वक्त में टीम के लिए रन बनाने की काबिलियत ने सुरेश रैना को भारतीय क्रिकेट का खास सितारा बनाया। 2011 वनडे वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत हो या IPL में चेन्नई सुपर किंग्स का दबदबा, सुरेश रैना का योगदान हमेशा याद किया जाता है। ‘मिस्टर IPL’ के नाम से मशहूर सुरेश रैना आज अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। ऐसे मौके पर आइए जानते हैं उनके करियर के पांच ऐसे बड़े रिकॉर्ड, जिन्होंने उन्हें क्रिकेट की दुनिया में अलग पहचान दिलाई।
IPL में 5000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज
सुरेश रैना IPL के इतिहास में 5000 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने अपने IPL करियर में 205 मैचों में 5,528 रन बनाए। उनकी निरंतरता और आक्रामक बल्लेबाजी ने उन्हें इस लीग के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल किया।
चेन्नई सुपर किंग्स के साथ सुरेश रैना का रिश्ता IPL इतिहास के यादगार अध्यायों में गिना जाता है। चार बार IPL चैंपियन बनने वाली CSK टीम का हिस्सा रहे रैना आज भी चेन्नई के प्रशंसकों के दिलों में खास जगह रखते हैं।
लगातार सात IPL सीजन में 400 से ज्यादा रन
सुरेश रैना की सबसे बड़ी खासियत उनकी निरंतरता रही है। उन्होंने 2008 से 2014 तक लगातार सात IPL सीजन में 400 से अधिक रन बनाए। यही वजह थी कि उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी की रीढ़ माना जाता था।
T20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले पहले भारतीय
साल 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में सुरेश रैना ने 60 गेंदों पर 101 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। इसके साथ ही वह T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। उनकी इस पारी में पांच छक्के और नौ चौके शामिल थे।
तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय
सुरेश रैना ने टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में शतक लगाने का कारनामा किया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। उनकी यह उपलब्धि उनकी बहुमुखी बल्लेबाजी क्षमता को दर्शाती है।
टेस्ट डेब्यू में ही जड़ दिया शतक
साल 2010 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करते हुए रैना ने 120 रन की शानदार पारी खेली थी। इस शतक के साथ उन्होंने अपने टेस्ट करियर की यादगार शुरुआत की और तीनों प्रारूपों में अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया।
इतना ही नहीं, सुरेश रैना के करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में 2011 वर्ल्ड कप की जीत भी शामिल है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में उन्होंने नाबाद 34 रन बनाकर भारत को मुश्किल परिस्थिति से निकालने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उनकी नाबाद 36 रन की पारी टीम के लिए बेहद उपयोगी साबित हुई।
