इंदौर: विकास प्राधिकरण ने सुपर कॉरिडोर पर 25 एकड़ जमीन में प्रस्तावित भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स योजना को धरातल पर उतारने की कवायद तेज कर दी है. पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप ( पीपीपी ) मॉडल पर करीब एक हजार करोड़ रुपए के निवेश से बनने वाले इस प्रोजेक्ट के लिए आईडीए ने मुंबई की प्रतिष्ठित फर्म अर्न्स्ट एंड यंग को ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त किया है. एजेंसी ने पिछले दो महीनों से काम शुरू कर दिया है, लेकिन अब इस महत्वाकांक्षी योजना की रफ्तार एफएआर बढ़ाने की शासन स्तर की मंजूरी पर आकर टिक गई है.
निवेशकों को आकर्षित करने के लिए 1.5 एफएआर की मांग
आईडीए सुपर कॉरिडोर की योजना क्रमांक 151 और 169-बी की 25 एकड़ भूमि पर इस कॉम्प्लेक्स को आकार देगा। सूत्रों के अनुसार, एडवाइजर कंपनी पिछले दो माह से देश-विदेश की प्रमुख स्पोर्ट्स कंपनियों और नामी खेल एकेडमियों से संपर्क कर उन्हें यहां निवेश करने व सेंटर खोलने के लिए तैयार कर रही है. लेकिन कंपनियों का मानना है कि स्टेडियम और आधुनिक खेल ढांचे के लिहाज से मौजूदा एफएआर बेहद कम है. वर्तमान मास्टर प्लान में इस जमीन पर केवल 0.5 एफएआर प्रस्तावित है. ट्रांजेक्शन एडवाइजर के सुझाव पर आईडीए ने इसे बढ़ाकर 1.5 एफएआर करने का प्रस्ताव राज्य शासन (भोपाल) को भेजा है. शासन से स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया और निर्माण कार्य आगे बढ़ सकेगा.
विश्वस्तरीय मैदान और ट्रेनिंग एकेडमी होंगी विकसित
प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के एरिना में खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक टर्फ, लॉन और मैदान तैयार किए जाएंगे. इनमें मुख्य रूप से स्विमिंग पूल, स्म्ैश, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, एथलेटिक्स, फुटबॉल और वॉलीबॉल के कोर्ट शामिल हैं. इसके अलावा आउटडोर ट्रेनिंग सेंटर, विशेष ट्रेनिंग एकेडमी, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए मैदान और कम्युनिटी स्पोर्ट्स व इवेंट गतिविधियां भी संचालित होंगी.
खेल के साथ हॉस्पिटेलिटी का भी रहेगा इंतजाम
पीपीपी मॉडल को आर्थिक रूप से व्यावहारिक बनाने के लिए परिसर में फाइव-स्टार स्तर की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. इसमें ओपन एयर होटल, हॉस्पिटेलिटी जोन, बैंम्ेट हॉल, कन्वेंशन सेंटर, वीआईपी लाउंज, मल्टीलेवल पार्किंग, स्पोर्ट्स शॉप्स और विभिन्न फूड कोर्ट शामिल होंगे
