सुलतानपुर, 14 फरवरी (वार्ता) प्रयागराज महाकुंभ स्नान पर्व के चलते अयोध्या, काशी और प्रयागराज के केंद्र में होने के नाते सुलतानपुर जिले में 15 फरवरी से शुरू हो रही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के परीक्षाथियों के लिए बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
परीक्षार्थियों को समय से केंद्र तक पहुंचने का भारी संकट दिख रहा हैं। लगातार घंटो जाम की स्थिति ने परीक्षा केंद्र और अभिभावको की चिंताएं बढ़ा दी हैं। यह समस्या सभी पड़ोसी जनपदों में होगी।
सीबीएसई के सिटी क्वाडिनेटर शेषमणि मिश्र ने शुक्रवार को यहां यूनीवार्ता को बताया कि महाकुंभ को लेकर कई दिनों से लगातार लखनऊ-वाराणसी, प्रयागराज-अयोध्या के सारे मुख्यमार्ग घंटो तक जाम चल रहे हैं। शनिवार 15 फरवरी से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10 व 12 की परीक्षाए प्रारम्भ हो रही हैं। जाम की स्थिति को देखते हुए उनके नेतृत्व में सभी परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यो ने आज जिलाधिकारी कुमार हर्ष व पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह से मिलकर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा स्कूली बच्चों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में पुलिसिया बाधा को दूर करने का निवेदन किया।
उन्होंने यातायात व्यवस्था सरल/सुगम कराने के लिए एक लिखित पत्र भी सौंपा है। जिससे आसानी से परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर पहुंच सके।
श्री मिश्र ने बताया कि सुलतानपुर शहर के दस परीक्षा केंद्रों पर सेकेंडरी के 4783 और सीनियर सेकेंडरी के 3830 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। रूट डायवर्जन के नाते ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों का सही समय तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना यक्ष प्रश्न हैं। प्रधानाचार्यो ने प्रशासन खासकर पुलिस अधीक्षक से कहाकि परीक्षा से दो घंटे पहले से परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने में विद्यार्थियो पर रूट डायवर्जन को लागू न हो और उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुचने में पुलिस अपना रोल पुलिस मित्र की तरह रखे।
अधिकारियों से मिलने वालों में सिटी क्वाडिनेटर शेषमणि मिश्र के अलावा गोपाल पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य रजनीश श्रीवास्तव, केएनआईसीई करौंदिया के प्रधानाचार्य डॉक्टर एन डी सिंह, सेंट जेवियर्स के जीबी मिश्रा, सेंट जोसेफ सहित अन्य प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
