मुंबई, 19 अक्टूबर (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री शरवरी ने फाल्गुनी पाठक की गरबा नाइट में मां दुर्गा का आशीर्वाद लेकर अपनी आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के गाने ‘जय अंबे’ की सफलता का जश्न मनाया।मुंबई में आयोजित नवरात्रि समारोह में दोनों कलाकारों ने पहले मां के दरबार में पूजा-अर्चना की और इसके बाद फाल्गुनी पाठक के साथ गरबा किया। पारंपरिक परिधानों में पहुंचे आयुष्मान और शरवरी ने मंच पर दर्शकों का अभिवादन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उत्सव का आनंद लिया।
फिल्म के निर्माताओं के लिए यह आयोजन ‘जय अंबे’ को मिल रहे दर्शकों के प्यार का जश्न मनाने का खास अवसर रहा। नवरात्रि और गरबा से जुड़े इस कार्यक्रम में गाने ने उत्सवी माहौल को और रंगीन बना दिया।
राजश्री प्रोडक्शंस (प्रा.) लि. ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है। सूरज बड़जात्या की पारिवारिक मनोरंजन शैली से जुड़ी इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

