
उज्जैन। मध्यप्रदेश के शिवपुरी, मुरैना, ग्वालियर, पन्ना और उज्जैन जिलों में 15 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले मुरैना के पांच शातिर बदमाशों को भाटपचलाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 11 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
भाटपचलाना खाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही चोर की घटनाओं को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की थी। टीम ने विभिन्न मार्गों और घटनास्थलों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी सहायता, पुलिस की निगरानी और ग्राम रक्षा समिति के सहयोग से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली और राहुल उर्फ बल्ली कुशवाह 32 वर्ष, अंकित जाटव 26 वर्ष, विजय कुशवाह 30 वर्ष, पन्नालाल जाटव 36 वर्ष, औरबएंदलसिंह गुर्जर 44 वर्ष, निवासी ग्राम नाका, थाना माता बसैया, जिला मुरैना को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय सामान बेचने के बहाने गांवों में घूमकर मकानों की रेकी करते थे। रात में साथियों के साथ पहुंचकर बोल्ट कटर, टामी, पेचकस और सब्बल की मदद से घरों के ताले तोड़ते और अलमारियों के लॉकर तोडक़र जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे। आरोपी मुख्य मार्गों से बचने के लिए आउटर की गलियों और सुनसान रास्तों का इस्तेमाल करते थे। किसी क्षेत्र में पहचान उजागर होने या पुलिस की नजर पडऩे पर गिरोह तुरंत अपना ठिकाना और चोरी का क्षेत्र बदल देता थे।
किराए का कमरा लेकर रहते थे
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य उन्हेल क्षेत्र में एक कमरा किराए से लेकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य जिलों में की गई चोरी की घटनाओं और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
कई वारदातों का खुलासा
भाटपचलाना पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने उन्हेल के ग्राम बरखेड़ा नजीक से घर में चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर एक जोड़ी चांदी की कड़ी, चांदी का आकडिय़ा सहित करीब 1.6 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इसी तरह नागदा शहर में हुई चोरी की वारदात में चांदी की पायल, बिछिया, राधा-कृष्ण की चांदी जडि़त तस्वीर, चांदी का नारियल, चांदी के सिक्के और अंगूठियां, करीब 200 ग्राम वजन के आभूषण बरामद किए गए। इसके अलावा इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मकड़ावन से चोरी की गई होंडा मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
