शिवपुरी: तेंदुआ थाना क्षेत्र के ग्राम कूड़ाजागीर में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन आखिरकार महंगा पड़ गया। लंबे समय से सोशल मीडिया पर शस्त्रों के साथ फोटो और वीडियो चर्चा का विषय बने हुए थे। अब जिला प्रशासन ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए सात शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। इसके साथ ही आदिवासियों की भूमि पर कब्जे का मामला भी आज सामने आया है , माना जा रहा है आदिवासियों की सैकड़ों। बीघा जमीन दबंगों ने कब्जा रखी है । इसकी जांच की मांग की जा रही है
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आयुध अधिनियम, 1959 के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया कि संबंधित अनुज्ञप्तिधारियों के विरुद्ध आपराधिक रिकॉर्ड, आयुध नियमों के उल्लंघन तथा सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन को सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था के लिए खतरा माना गया। इसी आधार पर सातों शस्त्र लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए।
कार्रवाई की जद में कूड़ाजागीर निवासी सोनू उर्फ धनंजय शर्मा, बबलेश शर्मा, नेहपुष्प उर्फ राहुल शर्मा, अशोक शर्मा, संजीव शर्मा, कुलदीप शर्मा और योगेश शर्मा आए हैं। सभी को अपने शस्त्र नियमानुसार जमा कराने और आगे की वैधानिक प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों के बढ़ते प्रदर्शन के खिलाफ अब तक की सबसे कड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
