दतिया: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के स्टार प्राचरकों की सूची सामने आई है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजी गई सूची आज सोमवार सुबह सामने आई है।इस सूची में मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों से लेकर संगठन के बड़े चेहरों को शामिल किया गया है। इस सूची में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के अलावा दिल्ली की टीम से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, तथा वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह भी दतिया में वोट माँगेंगे।ग्वालियर-चंबल अंचल के प्रमुख नेताओं एदल सिंह कंसाना, प्रद्युम्न सिंह तोमर, नारायण सिंह कुशवाहा, सुमित्रा वाल्मीकि और शैतान सिंह पाल समेत 40 नेताओं को लिस्ट में शामिल किया गया है।
