मुंबई, 19 अक्टूबर (वार्ता) सन नियो के धारावाहिक ‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ में प्रेम की भूमिका निभा रहे सूरज प्रताप सिंह और ‘थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान’ में अभिजीत का किरदार निभा रहे गौरव बाजपेयी ने दशहरे को बुराई पर अच्छाई की जीत के साथ खुद में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर बताया है।सूरज प्रताप सिंह ने कहा कि दशहरा उन्हें दया, सच्चाई और प्यार की अहमियत याद दिलाता है। बच्चों के साथ काम करते हुए उन्होंने सीखा है कि छोटी-छोटी खुशियां भी जिंदगी को खूबसूरत बनाती हैं। उन्होंने कहा कि इस दशहरे पर वह खुद से जरूरत से ज्यादा उम्मीदें रखने और अपनी गलतियों के लिए खुद को दोष देने की आदत छोड़ना चाहते हैं। उनका मानना है कि गलतियां जिंदगी का हिस्सा हैं और उनसे सीखकर हर दिन बेहतर बना जा सकता है।
वहीं, गौरव बाजपेयी ने कहा कि उनके लिए दशहरा सकारात्मक सोच और परिवार के साथ खुशियां बांटने का त्योहार है। उन्होंने बताया कि वह इस अवसर पर हर बात को जरूरत से ज्यादा सोचने की आदत छोड़ना चाहते हैं। काम को लेकर अधिक सोचने से कई बार वह वर्तमान पलों का आनंद नहीं ले पाते। अब वह बेवजह की चिंताओं से दूर रहकर जिंदगी में शांति और खुशियों को जगह देना चाहते हैं।

