
जबलपुर। खितौला के रेलवे फाटक क्षेत्र में शुभचिंतक बनकर घूम रहे ठगों ने एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को गला कटने का डर दिखाया और झांसे में लेकर करीब 50 हजार रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र लेकर रफूचक्कर हो गए।
पुलिस ने बताया कि रेलवे फाटक के पास रहने वाली लक्ष्मी पटेल (60) अपने घर के सामने बने गाय के कोठे की साफ-सफाई कर रही थीं। जब वह गोबर और कचरा तगाड़ी में भरकर सड़क किनारे फेंकने पहुंची, तभी काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास रुके। बदमाशों ने बुजुर्ग महिला को डराते हुए कहा, अम्मा, आपने गले में सोना पहना है, कोई गला काट देगा या झपट लेगा। इसे निकालकर घर के अंदर रख दो। महिला उनकी बातों में आ गई और गले से 8 सोने की गुरिया वाला मंगलसूत्र उतारकर हाथ में ले लिया। बदमाशों ने महिला की अंगूठी भी उतरवा ली। ठगों ने चालाकी से कहा कि मंगलसूत्र और अंगूठी दिखाओ। जैसे ही महिला ने गहने दिखाए, बाइक चालक ने उन्हें अपने हाथ में लिया और पलक झपकते ही मोटरसाइकिल चालू कर रेलवे फाटक की ओर भाग निकले। महिला जब तक कुछ समझ पाती, ठग आँखों से ओझल हो चुके थे। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सिर में टोपी और मुंह पर मास्क लगाकर पहुंचे थे ठग-
हुलिए के अनुसार बाइक चालक शरीर से मोटा, सिर पर टोपी, मुंह पर मास्क और चौकड़ी (चेक) वाली फुल आस्तीन की शर्ट पहने था। पीछे बैठा युवक हल्की आसमानी और सफेद रंग की टी-शर्ट, सिर पर टोपी और मास्क लगाए हुए था।
