विशेष संवाददाता उज्जैन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ से पहले उज्जैन में देशभर के संतों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को महाकालेश्वर मंदिर से अयोध्या के राम मंदिर तक यह यात्रा शुरू होगी।
महामंडलेश्वर कंप्यूटर बाबा ने बताया कि यात्रा के शुभारंभ में हजारों संत शामिल होंगे। सुबह 10 बजे दिग्विजय सिंह के साथ संत पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन करेंगे। इसके बाद लगभग 950 किलोमीटर लंबी यात्रा अयोध्या के लिए रवाना होगी।
इस दौरान संतों ने ‘चंदा चोरों, अयोध्या छोड़ो’ के नारे भी लगाए। यात्रा का उद्देश्य मंदिरों में मिलने वाले चंदे में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और धार्मिक संस्थानों के प्रबंधन में जवाबदेही तय करने की मांग करना है। आयोजकों ने चंदे में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे भी उठाए हैं।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और स्वामी सदानंद सरस्वती के साथ आचार्य महामंडलेश्वर रामकृष्णानंद महाराज ने भी यात्रा को आशीर्वाद और समर्थन दिया है।
