जबलपुर: विजय नगर अंतर्गत स्कीम 41 में घर के पीछे बागीचे में दो दिन से डेरा जमाए पांच फीट लंबा कोबरा को सोमवार शाम पकड़ लिया गया।जानकारी के मुताबिक स्कीम 41 निवासी राजेंद्र सिंह के घर के पीछे फूल व औषधीय पौधों का बागीचा लगा है।
जहां पिछले दो दिनों से एक पांच फीट लंबा कोबरा नाग इधर उधर विचरण करता हुआ कुछ देर बाद ओझल हो जाता था। उसकी भयानक फुंफकार सुनकर परिजन दहशत में थे। आज जब कोबरा फन फैलाए बगीचे में बैठा था तभी राजेन्द्र सिंह के पुत्र ने सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे को सूचना दी जिन्होंने मौके पर पहुंचकर आधा घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल कोबरा पकडक़र वन क्षेत्र में छोड़ दिया। सांप के पकड़े जाने पर सभी ने राहत की सांस ली।
