भोपाल, 28 मई (वार्ता) सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 31 मई को “विश्व तंबाकू निषेध दिवस” पर मध्यप्रदेश के समस्त जिलों में “तंबाकू एक धीमा जहर है, इससे बचाव ही समझदारी” की थीम पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्रों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
प्रमुख सचिव सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्रीमती सोनाली वायंणकर ने बताया कि इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन की थीम पर आधारित कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रत्येक जिले में प्रभात फेरी, मैराथन, रंगोली, नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत के माध्यम से समाज को तंबाकू के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भोपाल में आयोजित मुख्य समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से कैंसर, टीबी और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों पर आधारित वॉल पेंटिंग और पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। विद्यालयों और महाविद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में पान-गुटका की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी।

