सतना: नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित पेयजल टंकियों एवं जल शोधन संयंत्रों की चरणबद्ध सफाई, धुलाई एवं कीटाणुशोधन का अभियान निरंतर जारी है। 23 जुलाई से प्रारंभ हुए इस विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक 9 टंकियों की सफाई का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं अगले 11 दिनों में शेष 11 टंकियों की चरणबद्ध सफाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
शहर की टंकियों से लेकर फिल्टर प्लांट की चरणबद्ध सफाई का अभियान 23 जुलाई से शुरू हुआ था। पूरा निर्धारित कार्य योजना के अनुसार 20 दिन तक जारी रहने के बाद यह सफाई अभियान 11 अगस्त को पूरा होगा। इसी कड़ी में शुक्रवार को अभियान के अंतर्गत अशोक विहार पेयजल टंकी की वैज्ञानिक पद्धति से सफाई, धुलाई एवं कीटाणुशोधन किया गया। इस दौरान टंकी की आंतरिक सतह की गहन सफाई, कीटाणुशोधन एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया अपनाई गई। सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद जल गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक परीक्षण की प्रक्रिया अपनाई गई।
11 अगस्त तक चलेगा अभियान
आगामी कार्यक्रम के अनुसार 01 अगस्त को धवारी पेयजल टंकी, 02 अगस्त को जवाहर नगर टंकी, 03 अगस्त को सिविल लाइन टंकी, 04 अगस्त को बगहा टंकी, 05 अगस्त को परेरी टंकी, 06 अगस्त को फिल्टर प्लांट (डब्ल्यूटीपी) टंकी, 07 अगस्त को सांसद निवास टंकी, 08 अगस्त को ट्रांसपोर्ट नगर टंकी, 09 अगस्त को नजीराबाद टंकी, 10 अगस्त को फिल्टर प्लांट क्लेरिफायर तथा 11 अगस्त को फिल्टर प्लांट सम्प वेल की चरणबद्ध सफाई एवं कीटाणुशोधन का कार्य किया जाएगा।
महापौर ने की अपील
महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिन क्षेत्रों में सफाई कार्य किया जा रहा है, वहां जलापूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती है। ऐसे क्षेत्रों के नागरिक आवश्यकतानुसार पूर्व में पेयजल का भंडारण कर निगम के इस जनहितैषी अभियान में सहयोग प्रदान करें।
