
राजगढ़। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार को गुलावता से आगे बढ़ते हुए खुजनेर पहुंची। यात्रा में संतों, धर्माचार्यों और बड़ी संख्या में शामिल लोगों के साथ दिग्विजय सिंह ने पदयात्रा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों में स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सत्य, सनातन धर्म के सम्मान और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा सुबह गुलावता स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई। इसके बाद शेरपुरा, इच्छावाड़ा, शंकर नगर, भैंसवा माता मंदिर चौराहा और धामंदा के सामुदायिक भवन होते हुए आगे बढ़ी। भोजन और विश्राम के बाद यात्रा पुनः प्रारंभ हुई। दिग्विजय सिंह ने आमला स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन किया और चिड़लावनिया होते हुए खुजनेर पहुंचे। यहां मेड़तवाल वैश्य समाज धर्मशाला में यात्रा का रात्रि विश्राम निर्धारित है।
यात्रा के माध्यम से सत्य, प्रेम, करुणा, दया और सामाजिक सद्भाव जैसे सनातन धर्म के मूल्यों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है। दिग्विजय सिंह ने सभी धर्मों के सम्मान और धार्मिक मूल्यों के जरिए भाईचारा बढ़ाने पर जोर दिया।
यात्रा में मंदिरों के दान, चढ़ावे और संपत्तियों के लेखा-जोखा में पारदर्शिता की मांग भी उठाई जा रही है। राम मंदिर के लिए एकत्रित दान तथा सोने-चांदी की ईंटों के हिसाब का सार्वजनिक खुलासा करने और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की जा रही है। इसके अलावा मताधिकार की रक्षा, मतदाता सूचियों और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता भी यात्रा के प्रमुख मुद्दे हैं।