लॉस एंजेलिस में ‘रामायण’ के प्रीमियर में भारतीय संस्कृति और विरासत को वैश्विक मंच पर पहुंचाने पर दिया जोर

लॉस एंजेलिस, 28 अक्टूबर (वार्ता) अभिनेता यश ने कहा है कि किसी व्यक्ति की शुरुआत से यह तय नहीं होता कि वह कितनी दूर तक जा सकता है। उन्होंने लॉस एंजेलिस के एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स में आयोजित फिल्म ‘रामायण’ के प्रीमियर के दौरान भारतीय सिनेमा और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर पहुंचाने के महत्व पर जोर दिया।प्रीमियर में निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा, अभिनेता रणबीर कपूर और अभिनेत्री साई पल्लवी मौजूद रहे। यश अपनी पत्नी राधिका पंडित के साथ रेड कार्पेट पर पहुंचे, जहां प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर निर्माता नमित मल्होत्रा ने यश के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें फिल्म का प्रमुख अभिनेता होने के साथ अपना निर्माण साझेदार भी बताया। उन्होंने कहा कि यश के आत्मविश्वास और उनके अपने विजन ने इस परियोजना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यश ने अपने संबोधन की शुरुआत कन्नड़ भाषा में दर्शकों का अभिवादन करते हुए की। उन्होंने कहा, “आपकी शुरुआत कहां से हुई, इससे कभी तय नहीं होता कि आप कितनी दूर तक जा सकते हैं।” उन्होंने कन्नड़ फिल्म उद्योग और भारतीय सिनेमा का हिस्सा होने पर गर्व जताया।
‘रामायण’ के सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए यश ने कहा कि भारत में कहानियां केवल सुनाई नहीं जातीं, बल्कि उन्हें याद रखा जाता है और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह महागाथा हजारों वर्षों की यात्रा तय कर चुकी है और भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।
यश ने कहा कि उन्हें इस कहानी को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने पर गर्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘रामायण’ भारतीय संस्कृति और विरासत के संदेश को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाएगी। उन्होंने दर्शकों से इस महागाथा का उत्सव मनाने की अपील भी की।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य का दो भागों में सिनेमाई रूपांतरण है। यश फिल्म में अभिनय करने के साथ अपनी कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के माध्यम से निर्माण साझेदार की भूमिका भी निभा रहे हैं।
फिल्म पांच नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

.....

Next Post

तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आये बाइक सवार

Wed Oct 28 , 2026
सिंगरौली के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरवा-अनपरा मार्ग पर मंगलवार रात खनहना में हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। देर रात निरीक्षक डॉ ज्ञानेंद्र सिंह […]

You May Like