सौरभ शर्मा और उसके दोनों साथी ईडी की गिरफ्त में

भोपाल, 11 फरवरी (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने “धन शोधन” मामले में मध्यप्रदेश परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा और उसके दो साथियों शरद जायसवाल तथा चेतन सिंह गौर को गिरफ्तार कर लिया है।
ईडी ने आज सोशल मीडिया के जरिए कहा कि ईडी के भोपाल जोनल कार्यालय ने सोमवार को सौरभ शर्मा, शरद जायसवाल और चेतन सिंह गौर को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया है। ईडी के समक्ष सौरभ शर्मा और अन्य से जुड़ा मामला लंबित है।
दिसंबर 2024 में मध्यप्रदेश की लोकायुक्त पुलिस ने सौरभ शर्मा और उसके साथियों के ठिकानों पर भोपाल में छापे की कार्रवाई कर तीन करोड़ रुपए नगदी समेत करोड़ों रुपयों की चल अचल संपत्ति का पता लगाया था। इसी दौरान आयकर विभाग ने एक कार से 10 करोड़ रुपए नगद और लगभग 40 किलो सोना जप्त किया था। यह कार चेतन सिंह गौर के नाम पर पंजीकृत थी। इसके बाद इस मामले में आयकर विभाग और ईडी ने भी अपनी कार्रवाई की।
सौरभ शर्मा और उसके दोनों साथियों को हाल ही में लोकायुक्त पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पहले तीनों लोकायुक्त पुलिस की रिमांड पर रहे थे। इसके बाद अदालत ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस अवधि में ईडी और आयकर विभाग भी सक्रिय हुआ और उसने अपनी कार्रवाई को भी आगे बढ़ाया।

Next Post

कुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन टकराया, दो की मौत पांच घायल

Tue Feb 11 , 2025
सतना, 11 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मैहर जिले के नादन थाना क्षेत्र में आज प्रयागराज से कुंभ स्नान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन बिजली के खंबे से टकरा गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस […]

You May Like