
जबलपुर। मझौली थाना अंतर्गत कटाव स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी मंदिर और लाल मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर मंदिरों के ताले तोडक़र दान पेटी में जमा नगदी और भगवान की मूर्ति से चार तोला का चांदी का मुकुट चोरी कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक राजेंद्र सिंह ने सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कटाव पंचमुखी एवं लाल मंदिर की देखरेख करता है। रविवार रात करीब 11 बजे वे मंदिरों में ताला लगाकर पास ही स्थित लोढ़ा वाले महाराज जी के आश्रम में सोने चले गए थे। सोमवार सुबह जब वे करीब 7 बजे मंदिर पहुंचे, तो वहां के नजारे देख दंग रह गए। चोरों ने पंचमुखी मंदिर और लाल मंदिर, दोनों के ताले तोड़ दिए थे। दोनों मंदिरों की दान पेटियों के ताले टूटे मिले, जिनमें चढ़ावे के लगभग 20 हजार रुपये होने का अनुमान है। लाल मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा से करीब 4 तोला वजनी चांदी का मुकुट भी गायब था, जिसकी कीमत लगभग 2 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही राजेंद्र सिंह ने मंदिर समिति के पंकज तिवारी और गौरव गर्ग को सूचित किया। इसके बाद समिति सदस्यों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
