जबलपुर:बरेला थाना अंतर्गत बरगी मार्ग के समीप नेंगई सिरौरा स्थित निसर्ग वॉटर फॉल में 24 मई को स्वीमिंग पूल में लगे स्लाइडर के पोल में लापरवाही के करंट आने से हुई युवक की मौत के मामले में फरार चल रहे मैनेजर की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही है लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस का दावा है कि संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा । मामले में पूर्व तहसीलदार, कर्मचारी को गुरूवार को जेल भेजा जा चुका है।
विदित हो कि 24 मई को विनीत विश्वकर्मा 33 वर्ष निवासी कांचघर नई बस्ती घमापुर का दोस्त नीरज मेहरा, अभिषेक सेन, साजन विश्वकर्मा चारों निसर्ग वॉटर फॉल स्विमिंग पूल ग्राम सरौरा में नहाने के लिये दोपहर लगभग 3.30 बजे आये थे नहाते समय साजन दूसरे पूल में जाने के लिये स्विमिंग पूल के किनारे लगे लोहे के पाईप को पकड़े था जिसमें बिजली का तार लगा हुआ था करंट लगने से साजन विश्वकर्मा 20 वर्ष निवासी सुभाष नगर नई बस्ती झण्डा चौक रांझी की मौत हो गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की जिसमें यह बात सामने आई कि पूल के मोटर, बोरिंग चलाने के लिए बिजली के कटे तार लगे थे।
जिसके चलते लोहे के पाईप में करंट आ गया था । करंट की जानकारी होने के बावजूद भी रिसोर्ट के प्रबंधक एवं कर्मचारी बिजली का कटा हुआ तार लोहे के पाईप में लगाये हुए थे। करंट की जानकारी होने के बाद भी रिसोर्ट के प्रबंधक व कर्मचारी द्वारा सुधार कार्य नहीं किया गया था। युवक को चिकत्सीय उपचार के लिए मद्द भी मुहैया नहीं कराई थी। मामले में पुलिस ने निर्सग रिसोर्ट मालिक एवं पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी, मैनेजर मनीष पटेल, कर्मचारी नीलेश कुमार पटेल के खिलाफ पुलिस ने धारा 105, 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है । विवेक त्रिपाठी, नीलेश कुमार कुर्मी को गिरफ्तार कर गुरूवार को जेल भेजा जा चुका है जबकि मनीष पटेल फरार चल रहा है जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
