
बेंगलुरु, 11 अगस्त (वार्ता) यश स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अभिनेत्री नयनतारा ने अपनी सह-कलाकार हुमा कुरैशी के साथ हुई खास दोस्ती का खुलासा किया है ।हाल ही में फिल्म के ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च के दौरान नयनतारा ने शूटिंग के दिनों को याद करते हुए बताया कि सेट पर हुमा उनकी करीबी दोस्तों में शामिल हो गई थीं। उन्होंने कहा, “इन सेट्स पर मेरी एक दोस्त बन गई। मुझे लगता है कि हुमा और मैंने सबसे ज्यादा बातें कीं, क्योंकि हमारे सबसे ज्यादा कॉम्बिनेशन सीन्स थे।”
नयनतारा की इस बात से दोनों अभिनेत्रियों के बीच शूटिंग के दौरान बनी खास बॉन्डिंग की झलक मिली। साथ में कई दृश्यों की शूटिंग करने के कारण दोनों को सेट पर काफी समय साथ बिताने का मौका मिला और इसी दौरान उनकी दोस्ती भी गहरी हुई।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
