मुंबई, 01 अक्टूबर (वार्ता)लेखक- निर्देशक पलाश मुच्छल, निर्माता शैलेश एस. सांघवी और फिल्म ‘तेरा साई’ की पूरी टीम ने वरिष्ठ अभिनेता संजय मिश्रा की राष्ट्रीय पुरस्कार जीत का जश्न मनाया।एस3 फिल्म्स के बैनर तले बन रही ‘तेरा साई’ में साईं बाबा की मुख्य भूमिका निभा रहे संजय मिश्रा को ‘भक्षक’ में अपने अभिनय के लिए सहायक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है।
इस उपलब्धि के बाद फिल्म के सेट पर टीम ने उनके साथ खुशी साझा की। पलाश मुच्छल ने कहा कि संजय मिश्रा का राष्ट्रीय पुरस्कार जीतना पूरी टीम के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि जिस ईमानदारी और गहराई के साथ संजय मिश्रा साईं बाबा के चरित्र को जीवंत कर रहे हैं, वह उनके लिए असाधारण अनुभव है। निर्माता शैलेश एस. सांघवी ने कहा कि संजय मिश्रा की उपलब्धि उनकी असाधारण प्रतिभा और अभिनय के प्रति समर्पण का सम्मान है। ‘तेरा साई’ में उनके साथ काम करना पूरी टीम के लिए गौरव की बात है।
संजय मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना उनके लिए विशेष सम्मान है और ‘तेरा साई’ परिवार के साथ सेट पर इसे मनाने से यह पल और यादगार बन गया। उन्होंने कहा कि साईं बाबा की भूमिका निभाना उनके लिए विनम्र और आत्मिक अनुभव है।
फिल्म की सिनेमाघर रिलीज को लेकर सिनेपोलिस इंडिया ‘तेरा साई’ के वितरक के रूप में जुड़ा है पलाश मुच्छल लिखित एवं निर्देशित तथा शैलेश एस. सांघवी निर्मित ‘तेरा साई’ में संजय मिश्रा के अलावा सयाजी शिंदे, मनोज जोशी, ओंकार दास माणिकपुरी, अविका गोर और रोहन मेहरा महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 05 फरवरी 2027 को हिंदी, मराठी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

