ग्वालियर: हिंदू राष्ट्र बनाने और समरसता का संकल्प लेकर सनातन हिंदू एकता पदयात्रा आज शनिवार को भी दिल्ली से वृंदावन के लिए जारी है। देश भर से आए संतों के सानिध्य में मां ऋतंभरा सहित संत महात्माओं ने बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को धर्म ध्वजा देकर पदयात्रा को रवाना किया था। बागेश्वर महाराज ने कहा कि करपात्री महाराज ने गौ माता का आंदोलन शुरू किया था।
पं. शास्त्री ने आह्वान किया कि संतों का साथ, सनातनियों का हाथ और नवंबर सात, लक्ष्य के लिए निकल पड़ो। महाराज श्री ने कहा कि पूरी दुनिया को हिंदुओं की ताकत का पता चलना चाहिए। परिवार की लड़ाई खत्म करने और विचारों की लड़ाई के लिए यह पदयात्रा निकल रही है। हिंदू कोई धर्म नहीं बल्कि विचारधारा है।
भारत माता, गंगा—जमुना और आदि शंकराचार्य की आरती हुई.
सिद्ध पीठ कात्यायनी माता मंदिर प्रांगण में मंचीय कार्यक्रम हुआ। इसमें आदिगुरु शंकराचार्य की, भारत माता और गंगा जी जमुना जी की आरती की गई। महाराज मंच पर आने के पहले कात्यायनी माता मंदिर पहुंचे और माता का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। गौ माता का पूजन होने के बाद संतों ने महाराज श्री को पटकी पहनाई। बागेश्वर महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि करपात्री महाराज के गौ आंदोलन को आगे बढ़ाने का समय आ गया है। संत समाज एक साथ बैठकर इस संकल्प को पूरा करने के प्रयास में एकजुट है। यह यात्रा राजनीतिक नहीं आध्यात्मिक है इसीलिए यह दिल्ली से वृंदावन जा रही है। गांव गांव शोर होगा एकता पर जोर होगा।
