छिंदवाड़ा:जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल 45 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल छिंदवाड़ा में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामदास पिता बितुमशाह 45 वर्ष निवासी आमझिरी, उमरेठ अपनी बेटी के घर बर्दिया गांव गए थे।
वहां से बाइक से वापस लौटते समय मोहखेड़ थाना क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रामदास गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल छिंदवाड़ा पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल मामले को विवेचना में लेकर हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है
