जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन, निकली भव्य रैली

झाबुआ. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रविवार को झाबुआ में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भव्य रैली, पारंपरिक जनजातीय नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, पूर्व सांसद गुमानसिंह डामोर एवं नगर पालिका अध्यक्ष कविता सिंगार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। राजवाड़ा चौक से पारंपरिक वेशभूषा में सजे जनजातीय नृत्य दलों की प्रस्तुतियों के साथ भव्य रैली निकाली गई, जो सांदीपनि मैदान पहुंची। यहां अतिथियों का पारंपरिक साफा, झूलड़ी एवं तीर-कमान भेंट कर स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया।

कार्यक्रम में प्राथमिक आश्रम शाला परवट, पीएम श्री शासकीय कन्या शाला तथा शासकीय हाई स्कूल ढेकलबड़ी के विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और जल, जंगल, जमीन के संरक्षण पर आधारित आकर्षक नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत कीं।

मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज के अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया। उनकी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने तीनों सांस्कृतिक दलों को प्रोत्साहित करने के लिए अपनी ओर से पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने युवाओं से बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात कर समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष भानु भूरिया एवं पूर्व सांसद गुमानसिंह डामोर ने भी उनके संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान को याद किया। अंत में अतिथियों ने जनजातीय कला, संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आयोजन के माध्यम से जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का संदेश दिया गया।

वनाधिकार के उत्कृष्ट कार्यों एवं भीली साहित्यकारों का सम्मान

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सांदीपनि विद्यालय मैदान, झाबुआ में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जनजातीय समाज के अधिकारों, संस्कृति, भाषा, साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वनाधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अधिकारियों एवं भीली भाषा-साहित्य को समृद्ध बनाने वाले रचनाकारों का सम्मान कर जनजातीय विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया।

समारोह में वनाधिकार अधिनियम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद श्रीमती रीतिका पाटीदार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टों का वितरण भी किया गया। इससे जनजातीय समाज के वन भूमि पर अधिकारों को मान्यता देने तथा उनके हितों के संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण श्रीमती गीता राजेंद्र मंडोड़ द्वारा लिखित पुस्तक लोक लय में भील का विमोचन रहा। इस पुस्तक में भीली भाषा, लोक साहित्य, परंपराओं और जनजातीय संस्कृति को साहित्यिक स्वरूप प्रदान करने का प्रयास किया गया है। अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय भाषा और लोक साहित्य का संरक्षण जनजातीय पहचान एवं सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए आवश्यक है। इस अवसर पर भीली भाषा को बढ़ावा देने के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले रचनाकारों को भी सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में छू लो आसमान कार्यक्रम के तहत आयोजित खेलकूद, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

Next Post

26 नवंबर को भोपाल में कांग्रेस का विशाल मार्च

Sun Nov 15 , 2026
विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आगामी 26 नवंबर को भोपाल में भाजपा सरकार के कथित वोट चोरी, भ्रष्टाचार और प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ विशाल मार्च आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन में एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है। […]

You May Like