
विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आगामी 26 नवंबर को भोपाल में भाजपा सरकार के कथित वोट चोरी, भ्रष्टाचार और प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ विशाल मार्च आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन में एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि इस मार्च के माध्यम से प्रदेश की जनता की आवाज को बुलंद किया जाएगा और सरकार के खिलाफ जनमुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में तैयारियां की जा रही हैं।
पटवारी ने कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों, विधायकों, नगरीय निकायों एवं पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में भोपाल पहुंचने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यह मार्च केवल कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, जनता के अधिकारों और उसकी आवाज की रक्षा का महत्वपूर्ण प्रयास है। प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक इसमें शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाएंगे। साथ ही, सरकार की नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कथित हमलों के खिलाफ पार्टी का आंदोलन और तेज किया जाएगा।
