मुंबई, 20 फरवरी (वार्ता) टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने शुक्रवार को अपने लोकप्रिय इलेक्ट्रिक वाहन पंच.ईवी को नये अवतार में पेश किया है जिसकी मुंबई में एक्स-शोरूम कीमत 9.69 लाख रुपये से शुरू होती है।
कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह एक बार चार्ज करने पर शहर के ट्रैफिक में 355 किमी तक चलती है। इसे तीन संस्करणों स्मार्ट, एडवेंचर और एम्पावर्ड में पेश किया गया है।
बैटरी-एज-ए-सर्विस के विकल्प के साथ शुरुआती मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 6.49 लाख रुपये हो जाती है। इसमें बैटरी के लिए एक समान किस्त तकरीबन 2.6 रुपये प्रति किमी होगी (यह मानते हुए कि वाहन रोजाना औसतन 60 किमी चलता है)।
स्मार्ट मॉडल में 30 किलो वाट आवर (केडब्ल्यूएच) की बैटरी दी गयी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 9.69 लाख रुपये है। स्मार्ट प्लस 30 केडब्ल्यूएच की बैटरी के साथ 10.29 लाख रुपये और 40 केडब्ल्यूएच की बैटरी के साथ 10.89 लाख रुपये की है।
एडवेंचर, एम्पावर्ड और एम्पावर्ड प्लस में 40 केडब्ल्यूएच की बैटरी है और इनकी कीमत क्रमशः 11.59 लाख, 1.29 लाख और 12.59 लाख रुपये है।
पंच ईवी में पहली बार 30 केडब्ल्यूएच बैटरी का विकल्प दिया गया है। कंपनी बैटरी पर लाइफटाइम (15 साल की) वारंटी दे रही है।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि 40 केडब्ल्यूएच की बैटरी 26 मिनट में 20 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शैलेश चंद्रा ने कहा कि नयी पंच.ईवी हर परिवार के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को वास्तव में सुलभ और व्यावहारिक बनाती है। लगभग 355 किमी की वास्तविक ड्राइविंग रेंज, फास्ट चार्जिंग क्षमता, आजीवन बैटरी वारंटी और अत्यंत किफायती कीमत के साथ यह उन मुख्य चिंताओं को दूर करती है जिन्होंने अब तक ग्राहकों को एंट्री-लेवल ईवी को चुनने से रोके रखा था। उन्होंने कहा कि नयी पंच ईवी देश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को सर्वसुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कंपनी बैटरी-एज-ए-सर्विस विकल्प के तहत खरीदे गये वाहनों पर बीमा कंपनी के माध्यम से बायबैक की पेशकश भी कर रही है। तीन साल बाद बायबैक पर 60 प्रतिशत और पांच साल बाद 40 प्रतिशत कीमत वापस की जायेगी।
