इंदौर: शहर और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. खजराना मंदिर परिसर में कार की टक्कर से घायल पेंटर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. वहीं सुपर कॉरिडोर हादसे में घायल निजी कंपनी कर्मचारी की करीब ढाई महीने बाद मौत हुई. कनाड़िया रोड पर नशे में कार सवारों ने खड़े दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी और कार छोड़कर भाग गए.
मंदिर परिसर में कार की टक्कर से पेंटर की मौत…
खजराना इलाके में काम की साइट पर गए छोटी ग्वालटोली निवासी पेंटर अरुण नागले उम्र 46 साल रविवार को खाना लेने खजराना मंदिर के पार्किंग परिसर में गए थे. पैदल लौटते समय कार ने उन्हें टक्कर मार दी. सुरक्षा गार्ड ने घायल अरुण को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी करीब दो घंटे बाद परिजनों को मिली. खजराना पुलिस ने शव का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया. अरुण के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं. पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है.
ढाई महीने बाद हादसे में घायल युवक ने दम तोड़ा…
बाणगंगा क्षेत्र के सुपर कॉरिडोर पर 4 जुलाई को हादसे में घायल कुशवाह नगर निवासी अंकित लोधी उम्र 25 साल की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक अंकित निजी कंपनी में नौकरी करता था. हादसे में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मारी थी. दुर्घटना में एक अन्य युवक की भी मौत हुई थी. गंभीर घायल अंकित को अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां सोमवार रात उसकी मौत हो गई. परिवार में पत्नी, बेटा, माता-पिता और भाई हैं.
नशे में कार दौड़ाई, दो वाहनों को टक्कर मारकर भागे…
कनाड़िया रोड स्थित यादव टी स्टॉल के सामने रात में स्कॉर्पियो सवार युवकों ने सड़क किनारे खड़ी एक्टिवा और बाइक को टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि कार सवार नशे में थे. टक्कर के बाद कार रिवर्स नहीं हो सकी तो उसे वहीं छोड़कर युवक भाग निकले. हादसे की जानकारी मिलने पर दोनों दोपहिया वाहनों के मालिक बाहर आए और कार में तोड़फोड़ कर दी. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो नागपुर हाईवे निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी के सदस्यों की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
छात्र की संदिग्ध मौत, पिता से पूछताछ
एमआईजी क्षेत्र के नया बसेरा में 16 वर्षीय उदय पिता विजय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह नेहरू नगर स्थित कृष्णा हायर सेकंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता था. उदय के गले में फंदा कसा हुआ था और वह बिस्तर पर अचेत मिला. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मामले में पुलिस उसके पिता से पूछताछ कर रही है. पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है.
महू और सांवेर में दो युवकों ने फांसी लगाई…
महू में पीठ रोड निवासी राजेश बंसल उम्र 35 साल ने घर में फांसी लगा ली. इधर, सांवेर के जैतपुरा फाटे के पास निर्माणाधीन भवन में 31 वर्षीय ईश्वर पिता इंदरसिंह राठौर निवासी सोलसिंदा ने फांसी लगाकर जान दे दी. दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू की है
