मेरे स्ट्राइक रेट पर सवाल उठाने वाले लोग मुझसे जलते हैं : रहाणे

कोलकाता, 03 अप्रैल (वार्ता) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को सनराइज़र्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ 65 रनों के बड़े अंतर से हार झेलनी पड़ी है। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) के बाद यह उनकी लगातार दूसरी शिकस्त है। इन दोनों ही मैचों के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे एक शब्द का बार-बार प्रयोग कर रहे हैं – ‘टीम संतुलन’।

हालांकि एसआरएच के ख़िलाफ़ मिली हार ने साफ कर दिया है कि समस्या सिर्फ़ चोटिल गेंदबाज़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि केकेआर के मध्यक्रम में भी कुछ समस्याएं हैं। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में रहाणे ने एसआरएच के ख़िलाफ मिली हार का एक प्रमुख कारण बीच के ओवरों में साझेदारी न बन पाना बताया। उन्होंने कहा, “आज की विकेट बल्लेबाज़ी के लिए मुफ़ीद थी, लेकिन हमारी बल्लेबाज़ी में वह लय नजर नहीं आई। इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने के लिए हमें और बेहतर बल्लेबाज़ी की जरूरत थी। बीच के ओवरों में हम साझेदारी नहीं कर सके, जबकि जरूरत यह थी कि कुछ बड़ी साझेदारियां हों और खेल को अंत तक ले जाया जाए।”

मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ पहले मैच में भी केकेआर ने बीच के ओवरों में ही मोमेंटम गंवाया था। उस मैच में केकेआर ने 10 ओवर में 120 रन बना दिए थे, लेकिन अगले 10 ओवरों में टीम सिर्फ़ 102 रन ही जोड़ सकी। एसआरएच के ख़िलाफ़ भी कहानी लगभग वही रही। शुरुआती पांच ओवर में 67 रन ठोकने के बावजूद टीम उस रफ़्तार को बरकरार नहीं रख पाई।

इस मैच में रहाणे ने ख़ुद 10 गेंदों पर महज़ 8 रन बनाए, जिसके बाद उनके स्ट्राइक रेट पर सवाल उठना लाजमी था। हालांकि, आमतौर पर शांत रहने वाले रहाणे ने इस बार जवाब थोड़ा अलग तरीक़े से दिया। उन्होंने कहा, “2023 के बाद से पावरप्ले में मेरा स्ट्राइक रेट बेहतरीन रहा है। (552 रन, 167.78 की स्ट्राइक रेट, 69 का औसत) जो लोग मेरे खेल या स्ट्राइक रेट पर बात कर रहे हैं, शायद वे मैच नहीं देख रहे या फिर मेरे ख़िलाफ उनका कोई एजेंडा है। उन्हें मेरा खेलना पसंद नहीं है और शायद वे मेरी सफलता से जलते हैं।”

रहाणे ने आगे कहा, “आलोचकों को खेल की समझ नहीं है। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अजिंक्य रहाणे अपने खेल में इतना सुधार कर लेगा। मुझे ख़ुशी है कि वे मेरे बारे में बात कर रहे हैं, चाहे वह पॉज़िटिव हो या नेगेटिव। कभी-कभी आप संघर्ष करते हैं, उसे स्वीकार करना ज़रूरी है, लेकिन मुझे पता है कि मैं क्या कर रहा हूं।”

केकेआर की सलामी साझेदारी में जब भी कोई समस्या होती है तो सुनील नारायण का नाम सबसे पहले एक विकल्प के तौर पर देखा जाता है, क्योंकि उन्होंने केकेआर के लिए सलामी बल्लेबाज के तौर पर कई बार अच्छा प्रदर्शन किया है। रहाणे ने कहा कि उनकी टीम हर तरह की रणनीति पर चर्चा करेगी।

उन्होंने रणनीति में बदलाव के संकेत देते हुए कहा, “हमें कोचों के साथ बैठकर रणनीतियों पर दोबारा सोचना होगा। नए खिलाड़ियों पर दबाव हावी हो सकता है, इसलिए उन्हें थोड़ा समय और भरोसा देना जरूरी है। हम निश्चित रूप से टीम कॉम्बिनेशन और नई योजनाओं पर चर्चा करेंगे।”

 

 

Next Post

अमेरिका सेना प्रमुख को पद से हटाया गया

Fri Apr 3 , 2026
वाशिंगटन, 03 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका के युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज को उनके पद से हटा दिया है। इसके अलावा दो अन्य उच्च सैन्य अधिकारियों को भी बर्खास्त किया गया है। यह फैसला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान संघर्ष को लेकर राष्ट्र के नाम संबोधन […]

You May Like