मुंबई, 16 अक्टूबर (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री शरवरी ने कहा है कि फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के गाने ‘झुमका पटोला’ ने उन्हें डांस के प्रति अपने प्यार को एक नये अंदाज में व्यक्त करने का मौका दिया है।सूरज आर. बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म के गाने में शरवरी अपने डांस कौशल का प्रदर्शन करती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सूरज बड़जात्या के साथ काम करने का अनुभव खास रहा, क्योंकि उनके लिए गाने का हर मूवमेंट और एक्सप्रेशन कहानी से गहराई से जुड़ा होता है।
शरवरी ने कहा कि गाने की शूटिंग के दौरान सूरज बड़जात्या उन्हें समझाते थे कि कोई खास पल उनके किरदार के लिए क्या मायने रखता है। वह अपने पुराने गानों से जुड़े किस्से भी साझा करते थे, जिन्हें उन्होंने अपने डांस और एक्सप्रेशन में शामिल करने की कोशिश की। शरवरी l ने कहा कि डांस की अपनी एक भाषा होती है और कभी-कभी कोई गाना वह सब कुछ कह देता है, जो एक दृश्य नहीं कह पाता। कुछ गाने वर्षों तक दर्शकों की यादों में बने रहते हैं, क्योंकि वे किरदारों और खास पलों से गहराई से जुड़ जाते हैं।उन्होंने कहा कि फिल्म के टाइटल ट्रैक ‘ये प्रेम मोल लिया’ को दर्शकों से मिले प्यार और उत्साहजनक प्रतिक्रिया के बाद वह ‘झुमका पटोला’ को लेकर भी दर्शकों की प्रतिक्रिया का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।

