‘रामायणम्’ का इंटरनेशनल ट्रेलर रिलीज, रणबीर कपूर के राम और यश के रावण लुक के पोस्टर जारी

मुंबई, 16 अक्टूबर (वार्ता) फिल्म ‘रामायणम्’ के इंटरनेशनल ट्रेलर के रिलीज के साथ फिल्म का वैश्विक प्रचार अभियान शुरू हो गया है। निर्माताओं ने रणबीर कपूर के भगवान राम और रॉकिंग स्टार यश के रावण के किरदार वाले सोलो पोस्टर भी जारी किये हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का इंटरनेशनल ट्रेलर हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में जारी किया गया है। ट्रेलर में महाकाव्य के प्रमुख किरदारों और एक्शन से भरपूर दृश्यों की झलक दिखाई गई है। जारी पोस्टर में यश रावण के रूप में हाथ में भाला लिये युद्ध के बाद के दृश्य में नजर आ रहे हैं। वहीं, रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में धनुष-बाण लिये दिखाई दे रहे हैं। उनके पीछे जंगल के बीच से आती सूर्य की रोशनी पोस्टर को विशेष रूप देती है।

फिल्म के इंटरनेशनल ट्रेलर को बेंगलुरु में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में लॉन्च किया गया। इस मौके पर रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, संगीतकार ए. आर. रहमान और निर्देशक नितेश तिवारी समेत फिल्म की टीम के कई सदस्य मौजूद थे। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर फिल्म का निर्माण किया है। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। इसका पहला भाग पांच नवंबर 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगा।

.....

Next Post

थाने के सामने शव रखकर चक्काजाम

Fri Oct 16 , 2026
जबलपुर: मदन महल फ्लाईओवर पर हुए एक्सीडेंट के विरोध में आक्रोश भड़क गया। आक्रोशित परिजनों ने थाने के बाहर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फरार हाईवा चालक की गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया। […]

You May Like

Play sound