मुंबई, 16 अक्टूबर (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव महाष्टमी के अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के साथ कोलकाता के उन दुर्गा पूजा पंडालों में जाएंगे, जहां गांगुली बचपन से पूजा करने जाते रहे हैं।सौरव गांगुली की बायोपिक ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ में राजकुमार राव मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। विक्रमादित्य मोटवानी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के निर्माता लव रंजन और अंकुर गर्ग हैं।
फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म की टीम महाष्टमी के अवसर पर कोलकाता में अपनी पहली बड़ी सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में है। इस दौरान राजकुमार राव और सौरव गांगुली दक्षिण कोलकाता के विभिन्न पूजा पंडालों में जाकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लेंगे। इस कार्यक्रम में फिल्म के कुछ चुनिंदा सदस्य भी शामिल होंगे। दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल में दोनों की मौजूदगी से फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ने की उम्मीद है। इस पहल के जरिए फिल्म निर्माता बंगाल के प्रमुख सांस्कृतिक उत्सव के दौरान क्रिकेट और सिनेमा के प्रशंसकों से जुड़ना चाहते हैं। ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

