पुनासा: बसों का रूट बदलने से मुख्य बाजार सुनसान, दीपावली पर व्यापारियों की बढ़ी चिंता

पुनासा (खंडवा)। दीपावली पर जहां बाजारों में रौनक और बिक्री की उम्मीद होती है, वहीं नगर परिषद के एक फैसले से पुनासा के मुख्य बाजार के व्यापारियों के चेहरों पर चिंता की लकीरें आ गई हैं। त्योहार के दौरान यातायात और भीड़ प्रबंधन के चलते नगर परिषद ने बसों का रूट बदल दिया है। जारी आदेश के अनुसार दीपावली तक बसों का प्रवेश और ठहराव मुख्य बाजार में प्रतिबंधित रहेगा। अब सभी बसें केवल संत श्री सेवालाल चौराहा (डेम चौराहा) पर ही रुकेंगी।

त्योहार पर व्यापार प्रभावित होने का डर-रूट बदलने के बाद से मुख्य बाजार में सन्नाटा पसर गया है। व्यापारियों का कहना है कि साल भर का सबसे अच्छा व्यापार दीपावली पर ही होता है। सभी ने लाखों रुपये का माल स्टॉक किया है, लेकिन बसें बाजार में नहीं आएंगी तो ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहक मुख्य बाजार तक नहीं पहुंच पाएंगे। इससे बिक्री पर सीधा असर पड़ेगा।व्यापारियों ने नगर परिषद से इस फैसले पर पुनर्विचार करने और त्योहार के दौरान कोई वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।

स्थायी बस स्टैंड का इंतजार-नगर परिषद ने सूचना दी है कि दीपावली के बाद वैकल्पिक बस स्टैंड की व्यवस्था की जाएगी। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि तहसील मुख्यालय होने के बावजूद पुनासा आज तक स्थायी बस स्टैंड की सुविधा से वंचित क्यों है? फिलहाल यात्रियों को दीपावली तक नई व्यवस्था से ही आवागमन करना होगा।

Next Post

रसूलपुर व उज्जैन बायपास पर सघन चेकिंग, 12 वाहनों पर चालानी कार्रवाई

Fri Oct 30 , 2026
देवास। जिले में नियम विरुद्ध एवं अवैध रूप से संचालित वाहनों पर नियंत्रण लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला परिवहन अधिकारी बरखा शुक्ला एवं उप-पुलिस अधीक्षक (यातायात) कविता डामोर के नेतृत्व में संयुक्त दल ने देवास शहर के अंतर्गत आने वाले रसूलपुर […]

You May Like