मंत्री विजय शाह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी जीतू पटवारी ने

भोपाल, 14 मई (वार्ता) ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मीडिया के समक्ष आने वालीं भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के संदर्भ में अत्यंत आपत्तिजनक और शर्मनाक बयान देने वाले मध्यप्रदेश के जनजातीय कल्याण मंत्री विजय शाह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की मांग को लेकर आज यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल श्यामला हिल्स थाने पहुंचा।

श्री पटवारी ने पुलिस को विधिवत आवेदन देकर मंत्री विजय शाह के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। आवेदनपत्र में लिखा है कि विजय शाह ने देश की महिला सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया के संदर्भ में जो बयान दिया है, वह देश की एकता, अखंडता को बिगाड़ने का कृत्य है। इस वजह से देशवासी दुखी और आक्रोशित हैं। उनका यह कृत्य भारतीय न्याय संहिता की धारा 351, 352, 353, 78 और धारा 152 के तहत गंभीर अपराध की परिधि में आता है।

श्री पटवारी ने श्यामला हिल्स थाना प्रभारी को संबोधित शिकायत में लिखा है कि चूंकि मंत्री विजय शाह उन्हीं के थाना क्षेत्र में निवास करते हैं, इसलिए वे शाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करें। ऐसा होने पर विजय शाह के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई हो सकेगी।

श्री पटवारी के साथ प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी जे पी धनोपिया, विधायक आरिफ मसूद, पी सी शर्मा, मानक अग्रवाल, मुकेश नायक और अन्य नेता भी थाने पहुंचे।

विजय शाह का एक वीडियो कल से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे बेहद आपत्तिजनक बयान देते हुए सुने जा रहे हैं। यह वीडियो इंदौर जिले के महू विधानसभा क्षेत्र में एक सार्वजनिक कार्यक्रम का बताया गया है। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने भी संज्ञान लिया है और अब विजय शाह अलग थलग पड़ते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच उनके मंत्री पद से त्यागपत्र की अटकलें सामने आने लगी हैं।

Next Post

देवी अहिल्या पर भाजपा का विशेष अभियान

Wed May 14 , 2025
भोपाल, 14 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी 31 मई को देश भर में देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती मना रही है, जिसके तहत पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई 21 से 31 मई तक प्रदेश भर में अभियान चलाएगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि […]

You May Like