बर्लिन फिल्म महोत्सव: रीमा दास को मिला पुरस्कार, अरुंधती, मीरा समेत कई ने किया है समारोह का विरोध

बर्लिन, 22 फरवरी (वार्ता) प्रशंसित फिल्म निर्माता रीमा दास ने अपनी फिल्म ‘नॉट ए हीरो’ के लिए ‘बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026’ में ‘क्रिस्टल बियर स्पेशल मेंशन’ पुरस्कार जीता है। पुरस्कार समारोह शनिवार को आयोजित किया गया था। इसमें जूरी ने फिल्म को विशेष सम्मान से नवाजा है। असमिया, हिंदी और अंग्रेजी में बनी इस फिल्म को पिछले सप्ताह प्रतियोगिता के ‘जेनरेशन के प्लस’ खंड में प्रदर्शित किया गया था। चिल्ड्रन जूरी ‘जेनरेशन के प्लस’ के सदस्यों में वाल्टर मोरित्ज अरंड्स, गुस्ताव अर्न्ज, थाबानी डाबुलमान्जी, रोजा सोफी क्रास्जनाहोरकाई, वेरा मार्श, एमिर एफे ओजेरन और अल्मा सोफिया विलानेवा बुलेमर शामिल थे। रीमा दास की यह फिल्म एक छोटे लड़के की कहानी है, जो शहर से अपने पैतृक गांव आता है। वहां के वातावरण में अपनी ताकत और साहस की नयी परिभाषा ढूंढ़ता है।

बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में रीमा दास की यह लगातार तीसरी फिल्म थी, जो उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस बार यह फिल्म फेस्टिवल न सिर्फ भारतीय फिल्मकार रीमादास की फिल्म को पुरस्कार मिलने की वजह से चर्चा में है, बल्कि भारत की मानवाधिकार कार्यकर्ता और मशहूर लेखिका अरुंधति राय समेत कई कलाकार-फिल्मकारों के समारोह का बहिष्कार करने की वजह से भी चर्चा में है। समारोह को लेकर विवाद तब शुरू हुआ, जब जूरी अध्यक्ष और दिग्गज फिल्मकार विम वेंडर्स ने महोत्सव की शुरुआत में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि फिल्मकारों को ‘राजनीति से दूर रहना चाहिए’। जब उनसे गाजा संघर्ष और उसमें जर्मनी की भूमिका पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि फिल्में दुनिया बदल सकती हैं, लेकिन राजनीतिक तरीके से नहीं। भारत की मशहूर लेखिका अरुंधति रॉय ने विम वेंडर्स के इस बयान के विरोध में समारोह से अपना नाम वापस ले लिया। उन्होंने विम वेंडर्स की टिप्पणी को हैरान करने वाला बताया। श्रीमती रॉय ने कहा कि जब मानवता के खिलाफ अपराध हो रहे हों, तब यह कहना कि कला को राजनीतिक नहीं होना चाहिए, यह बातचीत बंद करने का तरीका है।

उन्हें अपनी 1989 की फिल्म ‘इन ह्विच एनी गिव्स इट दोज वंस’ की स्क्रीनिंग के लिए वहां जाना था। समारोह का बहिष्कार करने वालों में श्रीमती रॉय के अलावा प्रमुख लोगों में फिलिस्तीनी फिल्मकार अकीम कवासमी और ईरानी-जर्मन कलाकार मैरी लोहानी भी शामिल हैं। इन्होंने समारोह के चुनिंदा मानवाधिकार स्टैंड के विरोध में अपनी भागीदारी वापस ले ली। समारोह पर आरोप लगा कि वह ‘चुनिंदा मानवाधिकार’ का पालन कर रहा है। आलोचकों और कई फिल्मकारों ने खुला पत्र लिखकर कहा कि समारोह यूक्रेन और ईरान के मुद्दों पर तो मुखर है, लेकिन गाजा में हो रही मौतों पर चुप है। खुला पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में भारतीय-अमेरिकी फिल्मकार मीरा नायर समेत 2,000 से भी अधिक फिल्मकार-कलाकार शामिल हैं। पत्र में गाजा में तत्काल युद्धविराम और फिल्म समारोह की ‘चुप्पी’ की आलोचना की गयी हैं। अन्य प्रमुख नामों में ऑस्कर विजेता ब्रिटिश अभिनेत्री टिल्डा स्विंटन, स्पेनिश अभिनेता जेवियर बार्डेम, ’12 इयर्स ए स्लैव’ के निर्देशक स्टीव मैक्वीन, अमेरिकी अभिनेत्री और कार्यकर्ता सुसान सरेंडन, इतालवी निर्देशक पाओलो सोरेंटिनो और ‘हल्क’ फेम अभिनेता मार्क रफालो शामिल हैं। श्री रफालो ने सोशल मीडिया और पत्र दोनों के माध्यम से समारोह का विरोध किया है।

Next Post

दर्शक को अक्लमंद मानती है धुरंधर, टॉक्सिक बेवकूफ़ : 19 मार्च के बॉक्स ऑफिस विवाद से पहले बोले रामगोपाल वर्मा

Sun Feb 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 फरवरी (वार्ता) रणवीर सिंह की ‘धुरंधर : द रिवेंज (धुरंधर 2)’ और यश की ‘टॉक्सिक’ फिल्म के बीच होने वाले बड़े बॉक्स ऑफिस मुकाबले को लेकर उत्सुकता बढ़ती जा रही है। निर्देशक आदित्य धर के काम की खुले तौर पर सराहना करते आए फिल्मकार राम गोपाल वर्मा […]

You May Like