
छतरपुर। शहर के प्रमुख बस स्टैंड क्षेत्र में वर्षों से जमे अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर पालिका द्वारा चलाया जा रहा अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार दोपहर करीब दो बजे सराय परिसर और उसके आसपास फैले अवैध कब्जों पर नगर पालिका का बुलडोजर चला। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और राजस्व विभाग का अमला भी मौके पर मौजूद रहा। दो दिनों से लगातार चल रही कार्रवाई के चलते बस स्टैंड क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, वहीं आम लोगों ने इसे यातायात व्यवस्था और शहर के विकास की दिशा में जरूरी कदम बताया।
अभियान के तहत नगर पालिका ने सबसे पहले फव्वारा चौक और सांतरी तलैया मार्ग पर फैले अतिक्रमण को हटाया था। इसके बाद शनिवार को कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए बस स्टैंड स्थित सराय परिसर में वर्षों से जमे कब्जों को हटाया गया। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में कबाड़ और अन्य अस्थायी दुकानें संचालित हो रही थीं, जिनके कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ विकास कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया।
नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी आमिर खान ने बताया कि सांतरी तलैया के सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बस स्टैंड के समीप से गुजरने वाला मार्ग कबाड़ दुकानों और अस्थायी अतिक्रमण के कारण संकरा हो गया है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों की जांच के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि शहर को व्यवस्थित और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान नगर पालिका ने प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास का भी ध्यान रखा। जिन लोगों की दुकानें हटाई जा रही हैं, उन्हें वैकल्पिक स्थानों पर व्यवस्थित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के रोजगार पर प्रतिकूल असर न पड़े, इसके लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। वहीं, स्थानीय लोगों का मानना है कि लंबे समय बाद बस स्टैंड क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया गया है, जिससे आने वाले दिनों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहर के सौंदर्यीकरण कार्यों को भी गति मिलेगी।
