
अनूपपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे टिकट चेकिंग अभियान के तहत शहडोल स्टेशन एवं शहडोल-अनूपपुर सेक्शन में सघन जांच की गई। अभियान के दौरान पांच ट्रेनों की जांच में बिना टिकट और अनियमित टिकट यात्रा के कुल 274 मामले पकड़े गए। इनसे रेलवे ने 2 लाख 47 हजार 535 रुपये का जुर्माना वसूला।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक डीएस चौहान ने सोमवार को बताया कि रविवार को चलाए गए नाका टिकट चेकिंग अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक एवं टीटीई स्टाफ शामिल रहा। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा के 269 मामलों में 2 लाख 43 हजार 985 रुपये तथा अनियमित टिकट यात्रा के 5 मामलों में 3 हजार 550 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले उचित टिकट अवश्य लें। स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट लेने के साथ रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में गंदगी न फैलाने और धूम्रपान से बचने की भी अपील की गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।
