डेविस कप जूनियर फाइनल के लिए भारतीय टीम में ऋत्विक, रिभव और तविश शामिल

नयी दिल्ली, 07 सितंबर (वार्ता) ऋत्विक कताकम, रिभव सरोहा और तविश पाहवा डेविस कप जूनियर फाइनल में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) ने मिस्र के काहिरा में दो से आठ नवंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए टीम की घोषणा कर दी है।

इन तीनों खिलाड़ियों को 16 साल और उससे कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। यह टूर्नामेंट स्मैश स्पोर्टिंग क्लब में आयोजित किया जाएगा। 2026 का संस्करण पहली बार होगा जब डेविस कप जूनियर फाइनल अफ्रीका में आयोजित किया जाएगा। पिछले दशक में हंगरी, अमेरिका, तुर्की, स्पेन और चिली ने इस प्रतियोगिता की मेजबानी की है। चिली ने सबसे हालिया संस्करण सैंटियागो के एस्टाडियो नैशनल के क्ले कोर्ट पर आयोजित किया था।

यह टूर्नामेंट एक बार फिर क्ले कोर्ट पर खेला जाएगा, क्योंकि 20 एकड़ में फैला स्मैश स्पोर्टिंग क्लब दुनिया के कुछ बेहतरीन जूनियर खिलाड़ियों का स्वागत करने के लिए तैयार है। काहिरा के पश्चिम में स्थित इस वेन्यू पर 2023 से वर्ल्ड टेनिस टूर जूनियर्स जे500 काहिरा टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। टीमें सीजन के दौरान होने वाले क्षेत्रीय प्रतियोगितओं के जरिए फाइनल के लिए क्वालिफ़ाई करती हैं। अंत में 16 लड़कों की टीमें और 16 लड़कियों की टीमें मुख्य प्रतियोगिता में जगह बनाती हैं।

मेजबान देश मिस्र को ऑटोमैटिक जगह मिल गई है, जबकि भारत ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चेकिया, स्पेन, फ्रांस, हंगरी, इटली, जापान, कज़ाकिस्तान, मोरक्को, सर्बिया, अमेरिका और वेनेजुएला के साथ मुकाबला करेगा।

अमेरिका इस टूर्नामेंट में दो बार के मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतर रहा है। डेविस कप जूनियर फ़ाइनल में ऐसे कई खिलाड़ी खेले हैं जो बाद में अंतरराष्ट्रीय टेनिस में बड़े नाम बने।

राफेल नडाल ने 2002 में स्पेन की विजेता टीम का प्रतिनिधित्व किया था, जबकि फेलिक्स ऑगर-अलियासिम 2015 में कनाडा की टीम का हिस्सा थे। कार्लोस अल्कराज ने 2018 में स्पेन को जीत दिलाने में मदद की थी, जबकि ब्राज़ील के जोआओ फोंसेका 2022 में खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। टूर्नामेंट की शुरुआत 16 टीमों के साथ होगी, जिन्हें चार-चार टीमों के चार राउंड-रॉबिन ग्रुप में बांटा जाएगा। शुरुआती तीन दिनों में ग्रुप-स्टेज के मैच होंगे, जिसके बाद एक दिन का आराम होगा। इसके बाद आखिरी तीन दिनों में नॉकआउट चरण खेला जाएगा, जिसमें टीमें प्रतिष्ठित जूनियर अंतरराष्ट्रीय खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

 

 

 

 

Next Post

मौजूदा चुनौतियों को देखते हुए खिलाड़ियों को अपनी योजना पर भरोसा बनाये रखना चाहिए: हरमनप्रीत

Mon Sep 7 , 2026
दुबई, 07 सितंबर (वार्ता) भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर चाहती हैं कि उनकी टीम लीग स्टेज के आत्मविश्वास को नॉकआउट राउंड में भी बरकरार रखे। उन्होंने ज़ोर दिया कि खिलाड़ियों को फ़िलहाल सामने मौजूद चुनौती पर ध्यान देना चाहिए और अपनी योजनाओं पर भरोसा बनाए रखना चाहिए। टूर्नामेंट के निर्णायक दौर […]

You May Like