
वॉर्सेस्टर, 07 सितंबर (वार्ता) इंग्लैंड की बल्लेबाज सोफिया डंकली ने बताया है कि वह अपने देश के लिए तीनों प्रारूपों में नियमित रूप से सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलना चाहती हैं। डंकली अपने ज़्यादातर अंतरराष्ट्रीय करियर में इंग्लैंड की शीर्ष छह बल्लेबाजो में खेलती रही हैं, लेकिन हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ हुई वनडे सीरीज में ओपनर के तौर पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान वह सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं और 70.66 की औसत से 212 रन बनाकर ‘प्लेयर ऑफ़ द सीरीज’ का पुरस्कार जीता।
इसमें रविवार को वॉर्सेस्टर में सीरीज के आखिरी मैच में टॉप ऑर्डर में खेलते हुए 119 रनों की शानदार पारी भी शामिल थी और अब डंकली तीनों प्रारूपों में उस जगह को पक्का करना चाहती हैं। मैच के बाद डंकली ने कहा, “मैं जिस भी टीम के लिए खेलती हूं, उसके लिए बल्लेबाजी करना मुझे पसंद है और वनडे क्रिकेट में फिर से टॉप ऑर्डर में खेलना बहुत अच्छा लग रहा है। मेरा लक्ष्य निश्चित रूप से तीनों प्रारूपों में शीर्षक्रम में खेलना है।”
डंकली ने माया बाउचर (39) के साथ ओपनिंग विकेट के लिए 73 रन जोड़े और फिर जोडी ग्रेवकॉक (35) के साथ एक और अच्छी पार्टनरशिप की। आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस के पहले बैटिंग करने के फ़ैसले के बाद इंग्लैंड ने काउंटी ग्राउंड पर 291 रनों का अच्छा स्कोर बनाया। जवाब में तेज गेंदबाज लॉरेन फिलर (3/27) और स्पिनर मैडी विलिअर्स (3/33) ने तीन-तीन विकेट लिए। आयरलैंड की टीम सिर्फ़ 177 रनों पर ऑलआउट हो गई और इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज़ 3-0 से जीत ली।
मैच के बाद डीन ने कहा, “यह एक अच्छा दिन था। आज पहले बल्लेबाजी करना और बोर्ड पर अच्छा स्कोर बनाना – सच कहूँ तो हमने शायद कुछ रन कम बनाए। फिर गेंदबाजी की शुरुआत जिस तरह से हमने की और बहुत सधा हुआ प्रदर्शन किया, वह जरूरी था।” सीरीज हारने के बावजूद, लुईस ने कहा कि तीनों मैचों में आयरलैंड के प्रयासों से कई सकारात्मक बातें सामने आईं। लुईस ने कहा, “इस सीरीज से निश्चित रूप से सकारात्मक बातें सीखने को मिलीं। वे (आयरलैंड की खिलाड़ी) लगातार सीख रही हैं और इन टॉप-क्वालिटी खिलाड़ियों के ख़िलाफ़ हर सीरीज़ में वे और सीखेंगी। ये सीरीज बहुत कीमती हैं। हम बस आगे बढ़ रहे हैं, इसलिए सीखते रहने के लिए हर सीरीज़ बहुत ज़रूरी है।”
