मुंबई, 24 अक्टूबर (वार्ता) भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री आम्रपाली दुबे की आगामी फिल्म ‘रोजा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। बी4यू भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी चार मिनट 54 सेकंड का ट्रेलर एक ऐसी महिला की संघर्षपूर्ण कहानी पेश करता है, जिसे नवजात बच्चे के साथ घर से बाहर निकाल दिया जाता है। आम्रपाली दुबे इन दिनों बिग बॉस में अपनी मौजूदगी को लेकर भी चर्चा में हैं। ट्रेलर में आम्रपाली दुबे एक मुस्लिम महिला रोजा की भूमिका में नजर आ रही हैं। कहानी में उनके किरदार का दर्द, संघर्ष और विपरीत परिस्थितियों से लड़ने का साहस दिखाया गया है। फिल्म महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय, उत्पीड़न और उनके सम्मान से जुड़े सामाजिक मुद्दों को सामने लाने का प्रयास करती है।
फिल्म के निर्देशक इश्तियाक शेख बंटी ने कहा कि ‘रोजा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उन महिलाओं की पीड़ा और संघर्ष को सामने लाने की कोशिश है, जिन्हें कमजोर समझकर प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने कहा कि आम्रपाली दुबे ने रोजा के किरदार को पूरी संजीदगी से निभाया है। फिल्म के जरिए महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति दर्शकों को जागरूक करने का प्रयास किया गया है।
अमित सिंह चौहान निर्मित इस फिल्म की कहानी शकील नियाजी ने लिखी है। फिल्म में आम्रपाली दुबे के साथ आजम शेख, ज्योति मिश्रा, अमित शुक्ला, अयाज खान, जे. नीलम, विद्या सिंह, संतोष श्रीवास्तव, अनु ओझा, उल्हास कुड़वा, स्लेशा मिश्रा, नीलम पांडेय, ससिस्टा रॉय और स्वस्तिका राय ने अभिनय किया है।
फिल्म का संगीत ओम झा ने तैयार किया है। इसके गीत नवाब आरजू, प्यारे लाल यादव, अमजद और मोहम्मद हसनैन ने लिखे हैं। गीतों को कल्पना पटवारी, ओम झा, आलोक कुमार, प्रियंका सिंह, जितेश शंकर, स्निग्धा सरकार और सारेगामापा विजेता अपूर्व सुजीत गौतम ने आवाज दी है।
फिल्म के संपादक प्रीतम नाइक, छायांकन निर्देशक डी. के. शर्मा, कोरियोग्राफर सोनू प्रीतम और एसोसिएट डायरेक्टर दिलीप के. रावत हैं।

