
टीकमगढ। सीएम डॉ मोहन यादव आज अपने तय कार्यक्रम के अनुसार टीकमगढ़ पहुंचे जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर टीकमगढ़ को एक बड़ी सौगात दी. डॉ यादव ने कहा है कि टीकमगढ़ जिले में महाकाल की तर्ज पर कुंडेश्वर लोक बनाया जाएगा।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने टीकमगढ़ जिले में कुंडेश्वर धाम के विकास एवं विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा व्यवस्थित योजना तैयार कर इस कार्य को पूर्ण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने टीकमगढ़ के पीतल कारीगरों की कला एवं शिल्प को बढ़ावा देने की बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनविश्वास अभियान के तहत अपने टीकमगढ़ प्रवास के दौरान जिला विकास समिति की बैठक के उपरांत प्रेस ब्रीफिंग कर मीडिया प्रतिनिधियों को जिले के विकास एवं शासन की प्राथमिकताओं के संबंध में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिले के विकास के लिए प्रभावशाली नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है। इसके आधार पर जिले की आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में उद्योग निवेश वर्ष एवं किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है। सागर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के बाद कई उद्योगपतियों ने निवेश कर उद्योग स्थापित किए हैं और उत्पादन भी प्रारंभ हो गया है।
उन्होंने बताया कि निवाड़ी-टीकमगढ़ के बीच 3,000 करोड़ रुपये की इस्पात उद्योग इकाई भी प्रारंभ हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में फूड प्रोसेसिंग आधारित उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके लिए आईटीआई एवं कौशल विकास के माध्यम से उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कुशल श्रमिक तैयार किए जाएंगे।
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। निराश्रित बच्चों को 4,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है। योजनाओं का सर्वे कराकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन हमारी प्राथमिकता है। सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। नल-जल योजना एवं राशन वितरण सहित सभी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण कर चुके टीकमगढ़ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को अन्यत्र पदस्थ करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर जिले की प्रभारी मंत्री एवं पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध-घुमक्कड़ कल्याण विभाग की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, भाजपा विधायक हरिशंकर खटीक सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
